
खंडवा/बड़वानी. निमाड़ के 8 नगरीय निकायों में बुधवार सुबह से मतदान का दौर शुरू हो गया है। खंडवा के ओंकारेश्वर के अलावा बड़वानी, सेंधवा, अंजड़, राजपुर, पलसूद, पानसेमल और खेतिया में वोटिंग चल रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओंकारेश्वर नगर परिषद निर्वाचन में सुबह 11 बजे तक 31.3 फीसदी हो चुका है।
ओंकारेश्वर नगर परिषद की ये स्थिति
बता दें कि ओंकोरश्वर नगरीय निकाय के लिए मतदान के लिए 16 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। अध्यक्ष पद के लिए २ और पाषर्द पद के लिए कुल 37 उम्मीदवार मैदान में हैं। कुल 7815 मतदाता हैं। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से अंतरसिंह एवं कांग्रेस से दौलतसिंह परिहार प्रत्याशी है। वहीं 15 वार्डो में पार्षद पद के लिए भाजपा, कांग्रेस सहित अन्य निर्दलीय सहित कुल 37 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं।
बड़वानी जिले में चुनाव पर एक नजर
बड़वानी में बुधवार सुबह 11 बजे तक 28.6 फीसदी मतदान हो चुका है। जबकि धीरे-धीरे मतदान का ये प्रतिशत बढ़ रहा है। बड़वानी जिले में नगरीय निकाय चुनाव में दो नगर पालिका और पांच नगर परिषद के लिए मतदाता आज अपनी सरकार चुनने के लिए मतदान कर रहे हैं। बड़वानी जिले में सात नगरीय निकाय में ६ पर अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला है। वहीं, 123 वार्डों में से 110 पार्षद पदों के लिए चुनाव हो रहे हैं। सेंधवा में अध्यक्ष सहित 11 भाजपा समर्थित पार्षद निर्विरोध चुने जा चुके हैं। वहीं, बड़वानी में कांग्रेस समर्थित एक और भाजपा समर्थित एक पार्षद निर्विरोध हो चुका है। बुधवार सुबह ७ बजे से मतदान शुरू हुआ। सातों निकाय में 193 मतदान केंद्रों पर १ लाख 46 हजार 60 मतदाता हैं। इसमें पिछले निकाय चुनाव के मुकाबले 34 हजार 60 मतदाता नए शामिल हैं। मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा। 20 जनवरी को मतगणना होगी।
दिग्गजों ने किया चुनाव प्रचार
बता दें कि नगरीय निकायों के इन चुनावों में प्रत्याशियों को जीत दिलाने के लिए दिग्गजों ने भी प्रचार प्रसार किया व रोड शो भी किए। भाजपा के लिए सीएम शिवराजसिंह चौहान ने बड़वानी में रोड शो किया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमारसिंह चौहान ने भी कमान संभाली तो वहीं कांग्रेस के लिए प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव पहुंचे। ओंकारेश्वर में भी दिग्गजों द्वारा प्रत्याशियों को जीत दिलाने के लिए प्रचार-प्रसार किया गया।