
- दूसरे विभागों के काम अब भी अधर में, ब्रिज अभी तक नहीं बने, सिर्फ पुलिस की तैयारी चल रही है युद्ध गति से
लाखों श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा की तैयारी
सिंहस्थ के दौरान ओंकारेश्वर में लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचेंगे। इसे देखते हुए भीड़ नियंत्रण, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। तैनात होने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के ठहरने के लिए बैरक, एनजीओ क्वार्टर, पुलिस अधिकारी आवास, जियोस होस्टल और ट्रेनिंग सेंटर के भवन बनाए जा रहे हैं। मांधाता थाने के पास पुलिस कंट्रोल रूम बनकर तैयार हो चुका है, जिससे मेले की निगरानी और समन्वय में मदद मिलेगी।
निर्माण कार्यों पर 48.33 करोड़ का खर्च
पुलिस के इन निर्माण कार्यों पर कुल 48.33 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। इसमें 10 करोड़ रुपए की लागत से इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम का निर्माण शामिल है। इस हाइटेक कंट्रोल रूम से बड़वाह, सनावद और मोरटक्का तक निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही दो बैरक, दो एनजीओ और पुलिस आवास, राजपत्रित अधिकारियों के जियोस होस्टल तथा ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के भवन का निर्माण भी किया जा रहा है।
दिसंबर तक पूरा होगा काम
पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने बताया कि सभी कार्य फाइनल स्टेज पर हैं और दिसंबर तक पूरे कर लिए जाएंगे। विभाग का लक्ष्य है कि सिंहस्थ से काफी पहले सभी सुविधाएं तैयार हो जाएं, ताकि सिंहस्थ के दौरान व्यवस्थाओं में किसी तरह की परेशानी न आए।
अन्य विभागों की धीमी रफ्तार
सिंहस्थ 2028 को लेकर एकमात्र पुलिस विभाग ही ऐसा है, जिसकी तैयारियां युद्ध गति से चल रही हैं। इसके उलट दूसरे विभागों के काम अभी भी अधूरे हैं। ब्रिज निर्माण अटका होने से श्रद्धालुओं की आवाजाही को लेकर चिंता बनी हुई है।