खंडवा

इशारा मिलते ही दबिश देकर एएसआई को दबोचा, हाथ धुलवाए तो हो गए लाल

जमीनी विवाद सुलझाने के नाम पर दो हजार की रिश्वत लेते एएसआई रंगेहाथ धराया हरसूद थाना में पदस्थ है एएसआई, लोकायुक्त इंदौर की टीम ने क्वार्टर पर दबिश देकर पकड़ा

less than 1 minute read
Jul 16, 2020
Police ASI arrested taking bribe of two thousand

खंडवा. जमीनी विवाद सुलझाने के नाम पर दो हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए लोकायुक्त टीम ने एएसआई को रंगेहाथ दबोचा है। एएसआई ज्ञानेश्वर तांबे हरसूद थाने में पदस्थ है। मामला गुरुवार दोपहर करीब 1.30 बजे का है। जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता देवलाल पिता मिश्रीलाल परते निवासी रामपुरी निशानियां की जमीन पर ग्राम के ही कुछ लोगों ने दबंगाई से कब्जा कर लिया था। मामले की शिकायत हरसूद थाने में की। एएसआई ज्ञानेश्वर तांबे जमीनी विवाद में समझौता कराने के नाम पर फरियादी देवलाल से दो हजार रुपए रिश्वत की मांग करने लगे। रिश्वत की मांग और कार्रवाई नहीं होते देख फरियादी ने लोकायुक्त इंदौर में मामले में की शिकायत की। शिकायत मिलते ही लोकायुक्त ने पड़ताल की। मोबाइल पर एएसआई से फरियादी की बात कराकर रिकॉर्डिंग की। शिकायत पुख्ता होने पर गुरुवार को टीम कार्रवाई के लिए हरसूद पहुंची।
रुपए देते ही टीम ने एएसआई को पकड़ा
हरसूद में टीम ने शिकायतकर्ता देवलाल को रिश्वत के रुपए लेकर एएसआई तांबे के पास भेजा। इस समय वह अपने सरकारी निवास पर थे। यहां जैसे ही देवलाल ने रिश्वत के रुपए एएसआई को दिए और लोकायुक्त टीम आ धमकी। रंगेहाथ एएसआई को रिश्वत के रुपयों के पकड़ा। हाथ धुलवाने पर लाल हो गए। ऐसे में टीम एएसआई को लेकर पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पहुंची। जहां पूछताछ कर एएसआई के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधित अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

Published on:
16 Jul 2020 09:35 pm
Also Read
View All