27 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई डे… खंडवा जिले में दो साल में 282 इकाई स्थापित, 1350 लोगों को मिला रोजगार

-नए ग्रोथ सेंटर में 175 इकाईयां लगेगी, 200 करोड़ का होगा निवेश -खंडवा के युवा उद्यमी भोपाल में होने वाली समिट में करेंगे मुख्यमंत्री से चर्चा
2 min read
Google source verification

खंडवा

image

Manish Arora

Jun 27, 2026

International MSME Day

खंडवा. फोटो एआइ जनरेटेड

सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग (एमएसएमई) में युवाओं की रूचि तेजी से बढ़ रही है। जिले में पिछले दो साल में दो अरब का निवेश कर 282 एमएसएमई की इकाईयां स्थापित हुई है। इन इकाईयों से रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। करीब 1350 लोगों को इन इकाईयों में रोजगार प्राप्त हो रहा है। वहीं, सुरगांव निपानी ग्रोथ सेंटर भी तेजी से आकार ले रहा है। यहां करीब 175 नई इकाईयों के आने की संभावना है।

लगातार जारी औद्योगिक विकास

जिले में एमएसएमई में औद्योगिक विकास लगातार जारी है। नए ग्रोथ सेंटर का भी तेजी से निर्माण हो रहा है। जिले में कॉटन जिनिंग प्रेसिंग, ऑयल मिल, दाल मिल, फ्लोर मिल, आइस फैक्ट्री, कन्फेक्शनरी, पीवीसी पाईल, स्टील फेब्रिकेशन, फर्नीचर एवं अन्य खाद्य प्रसंस्करण इकाईयां पहले से स्थापित हैं। वर्ष 2023-24 में जिले में 128 औद्योगिक इकाईयां स्थापित हुईं, जिनमें 10156.80 लाख का पूंजी निवेश हुआ और 645 व्यक्तियों को रोजगार मिला।

वर्ष 2025 में 154 इकाईयां स्थापित

इसी प्रकार वर्ष 2024-25 में 154 इकाईयां स्थापित की गईं, जिनमें 9086.00 लाख का पूंजी निवेश किया गया और 702 व्यक्तियों को रोजगार प्राप्त हुआ है। इन उद्योगों में मुख्यत : स्टोन क्रशर, एम सैंड, ऑयल मिल, फ्लोर मिल, पीवीसी पाइप, प्लास्टिक लीनो बैग, दाल मिल और डेयरी प्रोडक्ट शामिल हैं।

44 हेक्टेयर में बन रहा नया उद्योग केंद्र

खंडवा तहसील के ग्राम सुरगांव निपानी में 44.100 हेक्टेयर भूमि में एक नवीन औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की जा रही है। इसमें 302 भूखंड विकसित किए जा रहे हैं। इस औद्योगिक क्षेत्र में लगभग 175 इकाइयों में 200 करोड़ के पूंजी निवेश की संभावना है, जिससे 800 व्यक्तियों को रोजगार प्राप्त होना संभावित है। इसके अतिरिक्त, जिले के अन्य स्थानों में आगामी वर्षों में इथेनॉल, प्लास्टिक लीनो बैग, बायोकोल, एसी ब्लॉक निर्माण एवं फ्लोर मिल की पांच इकाईयां स्थापित होना प्रस्तावित है। इनमें 192 करोड़ का पूंजी निवेश और 437 व्यक्तियों को रोजगार मिलना संभावित है।

आज खंडवा के युवा मिलेंगे मुख्यमंत्री से

अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस पर 'सशक्त उद्यमी समृद्ध मप्र समिट' शनिवार को भोपाल के रविन्द्र भवन में आयोजित होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के सू्क्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कुमार कश्यप और मुख्य सचिव अनुराग जैन भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उद्योग विभाग के महाप्रबंधक एमएस रावत ने बताया कि खंडवा जिले के उद्योगपति प्रतिनिधि भी इस कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। एमएसएमई में स्टार्टअप करने वाले आठ युवा उद्यमी मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे। वहीं, मंडी टैक्स घटाए जाने पर कॉटन जिनिंग संघ अध्यक्ष राजेंद्र चांदमल जैन व प्रदेश के 9 अन्य उद्यमी मुख्यमंत्री का सम्मान करेंगे।