25 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

मिली सौगात… अब लगेंगे जिले में उद्योगों को पंख, मिली नए ग्रोथ सेंटर की अनुमति

-सुरगांव निपानी नवीन उद्योग केंद्र को मिली स्वीकृति, एलयूएन करेगा विकसित -44 हेक्टेयर में बनेगा नया उद्योग केंद्र, बायपास का मिलेगा फायदा -विधायक, कलेक्टर, जिला उद्योग केंद्र का प्रयास आखिरकर हुआ सफल
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

खंडवा

•

image

Manish Arora

•

Updated: 18 Jul 2025, 11:37 AM IST

growth center

खंडवा. सुरगांव निपानी न्यू ग्रोथ सेंटर का नक्शा।

जिले में उद्योगों को अब पंख लगने वाले है। लंबे समय से प्रतीक्षारत सुरगांव निपानी (नागचून) में प्रस्तावित नवीन उद्योग केंद्र को आखिरकार सरकार ने हरी झंडी दिखा ही दी। सुरगांव निपानी ग्रोथ सेंटर को स्वीकृति मिल गई है। मप्र लघु उद्योग निगम (एलयूएन) के माध्यम से 37 करोड़ की लागत से इसका विकास किया जाएगा। विकास कार्य पूरे होने के बाद यहां प्लॉट्स की ऑन लाइन बुकिंग शुरू होगी। विकास के लिए एलयूएन जल्द ही टेंडर जारी करने वाला है।

भविष्य का इंडस्ट्रीयल कॉरीडोर बनेगा
रुधि-देशगांव बायपास को इंडस्ट्रीयल कॉरीडोर के रूप में देखा जा रहा है। जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र द्वारा देशगांव और सुरगांव निपानी में दो नए उद्योग केंद्रों का प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेजा गया था। इसमें देशगांव औद्योगिक केंद्र के प्रस्ताव निरस्त होने के बाद सारी उम्मीद सुरगांव निपानी औद्योगिक केंद्र पर टिकी हुई थी। जिला उद्योग केंद्र के वर्ष 2023 से लगातार प्रयास जारी थे, एक बार तो सुरगांव निपानी उद्योग केंद्र का भी प्रस्ताव निरस्त हो चुका था। कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने भी इसमें रूचि दिखाई और प्रयास शुरू किए। खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे ने भी नए उद्योग केंद्र की मांग मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से की थी। उन्होंनें अपनी विधानसभा में उद्योग केंद्र नहीं होने का मामला विधानसभा में भी उठाया। सभी के सामूहिक प्रयासों से आखिकरकार सफलता मिल ही गई।

ऐसे होगा विकास
लघु उद्योग निगम को सरकार ने इसके लिए निर्माण एजेंसी बनाया है। यहां एलयूएन द्वारा सडक़, ड्रेनेज, पेयजल, वॉटर हेड टैंक, विद्युतीकरण सहित सारे विकास कार्य कराए जाएंगे। उद्योग केंद्र 44 हेक्टेयर करीब 108 एकड़ में 37 करोड़ की लागत से विकसित किया जाएगा। यहां 500 स्क्वेयर मीटर से लेकर 2400 स्क्वेयर मीटर तक के 307 प्लॉट्स एमएसएमई के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे।

बायपास का मिलेगा फायदा
शहर के ट्रैफिक को कम करने रूधि-देशगांव बायपास निर्माणाधीन है, जो अगले साल तक शुरू होने की संभावना है। सुरगांव निपानी रूधि-देशगांव बायपास पर ही स्थिति है। शहर से इसकी दूरी करीब 8 किमी है। इंदौर, गुजरात व्हाया खरगोन-बड़वानी, महाराष्ट्र व्हाया बैतूल-छिंदवाड़ा-नागपुर से इसकी सीधी कनेक्टिविटी हो रही है। बिजली, पानी भी प्रचुर मात्रा में मिलेगी।

जमीन के भाव ने बिगाड़ा रूधि ग्रोथ सेंटर का भविष्य
करीब 15 साल पहले एकेवीएन ने रुधि-भावसिंगपुरा में 140 एकड़ में औद्योगिक केंद्र बनाया था। जमीन के भाव और एप्रोच रोड को लेकर यहां विवाद बना रहा और महज पांच-छह इकाईयों के ही लगी। एकेवीएन को सरकार ने मप्र औद्योगिक विकास निगम बना दिया और इसके सारे अधिकार भोपाल पहुंच गए, लेकिन भावसिंगपुरा ग्रोथ सेंटर की किस्मत नहीं बदली। अब रुधि-देशगांव-बैतूल रोड से सीधी एप्रोच इसकी हो गई है, लेकिन यहां जमीन के भाव को लेकर कोई उद्योगपति इस क्षेत्र में उद्योग लगाने को तैयार नहीं है। जिसका फायदा भविष्य में सुरगांव निपानी ग्रोथ सेंटर को मिलेगा।

जल्द होंगे टेंडर
सुरगांव निपानी ग्रोथ सेंटर को सरकार ने स्वीकृति दे दी है। जल्द ही इसके टेंडर भी निकाले जाएंगे। सरकार का उद्यम होने से यहां जमीन के दाम भी कम ही रहेंगे। कलेक्टर और खंडवा विधायक के प्रयास से स्वीकृति मिल पाई है।
एमएस रावत, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र