
खंडवा : जी-राम-जी योजना के तहत निर्माण ( photo ai)
सरकार की महत्वाकांक्षी वीबी-जी-आर-एएम-जी ( विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन के लिए गारंटी ) छह माह बाद शुरू तो हुई, लेकिन जिले की सभी ग्राम पंचायतों तक इसकी रफ्तार नहीं पहुंची। जिले की 419 ग्राम पंचायतों में से 230 में ही काम शुरू होने का दावा है। शेष 189 पंचायतों में अब तक काम चालू नहीं हो सके हैं। पोर्टल पर 1838 ई-मस्टर जनरेट हुए हैं, लेकिन वास्तविक रूप से 1148 कार्य ही चल रहे हैं। पोर्टल पर ग्राम पंचायतों से भोपाल तक स्वीकृति की प्रक्रिया में उलझे कामों के कारण ग्रामीणों को रोजगार के अवसर मिलने में देरी हो रही है।
पोर्टल पर ई-मस्टर जनरेट होने और मौके पर कार्य शुरू होने के आंकड़ों में अंतर है। जिले में 1838 ई-मस्टर जनरेट हुए हैं, जबकि चालू कार्यों की संख्या 1148 बताई गई है। खंडवा ब्लॉक में 561 ई-मस्टर के मुकाबले 330 कार्य चालू हैं। पुनासा में 287 ई-मस्टर के मुकाबले 194 और हरसूद में 264 के मुकाबले 154 कार्य चल रहे हैं। खालवा में 142 ई-मस्टर के मुकाबले 103 कार्य चालू हैं।
पंजीकृत परिवारों की सूची में 6232 परिवार ऐसे बताए गए हैं, जिन्हें अब तक जॉबकार्ड जारी नहीं हुए हैं। इससे रोजगार की जरूरत वाले परिवारों के सामने भी परेशानी खड़ी हो सकती है।
योजना में अभी पिछले वर्ष की बकाया राशि 855.5 लाख रुपए बताई गई है। चालू वर्ष में करीब चार लाख रुपए के कार्य हुए हैं। ऐसे में पुराने भुगतान और नए कार्यों के भुगतान की प्रक्रिया लंबित है।
खंडवा जनपद पंचायत : 60 ग्राम पंचायतों में से 37 में काम शुरू हुए हैं। अमोड़ा, बड़गांव माली, धोरनी, डोरगांव, कोरगला और लोहारी जैसी पंचायतों में अभी काम शुरू नहीं हो सके हैं।
खालवा जनपद पंचायत : 86 पंचायतों में से केवल 15 में काम शुरू हुए हैं। अभी लखनपुर बंदी, लखौर रैयत, मलगांव, मटापुर, बराकुंड, बागदा और आड़ाखेड़ा सहित कई पंचायतों में काम शुरू होने का इंतजार है।
छैगांव माखन जनपद पंचायत : 59 पंचायतों में से 48 में काम शुरू हो चुके हैं। अजंती, बढ़ैया खुर्द, भीलखेड़ी, दुलहार, लखनगांव और टिटगांव सहित कुछ पंचायतों में काम शुरू नहीं हुए हैं।
पंधाना जनपद पंचायत: 84 पंचायतों में से 42 में काम चालू होने का दावा है। शेखपुरा, शाखपुरा, सरोला, सेंगवाल, भगवानपुरा और चिरवा रैयत सहित कई पंचायतों में काम शुरू नहीं हुए हैं।
पुनासा जनपद पंचायत : 69 पंचायतों में से 46 में कम से कम एक कार्य शुरू हुआ है। अंजनिया खुर्द, बिजोरामाफी, धमगांव-एक और अटूट खास में काम शुरू नहीं हो सके हैं।
हरसूद जनपद पंचायत: 40 पंचायतों में से 21 में काम शुरू हुए हैं। बड़खलिया, भवानी रैयत, बोरी सराय, चलपी खुर्द, बोथिया खुर्द, सोमगांव और सोमखेड़ी जैसी पंचायतों में काम शुरू होने का इंतजार है।
बलड़ी जनपद पंचायत : यहां सभी 21 पंचायतों में काम शुरू होने का दावा किया गया है। यह ब्लॉक जिले के अन्य क्षेत्रों के मुकाबले बेहतर स्थिति में है।
पंचायतों में कार्य शुरू हो गए हैं। पोर्टल पर जैसे-जैसे कार्य स्वीकृत हो रहे हैं, ई-मस्टर जनरेट कर काम शुरू कराया जा रहा है। भुगतान की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। जल्द ही सभी ग्राम पंचायतों में कार्य प्रारंभ हो जाएंगे।
Updated on:
25 Oct 2026, 12:43 PM IST
Published on:
25 Oct 2026, 12:35 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.