
क्यूआर कोड से मिली शिकायतों में लोगों ने अपने आसपास अवैध शराब बिक्री के ठिकानों की जानकारी दी है। गली-मोहल्लों से लेकर दुकानों तक कहां शराब बिक रही है, इसकी सूचना लोग मोबाइल से सीधे एसपी तक भेज रहे हैं। शिकायत मिलते ही संबंधित एसडीओपी को कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं। इसके बाद स्थानीय पुलिस शिकायत की जांच कर कार्रवाई कर रही है।
थाने की लापरवाही अब छिपाना मुश्किल
इस नवाचार ने थाना स्तर की जवाबदेही भी बढ़ा दी है। किसी इलाके में लंबे समय से अवैध शराब बिक रही है और स्थानीय पुलिस को इसकी भनक नहीं है, तो अब यह तर्क आसानी से नहीं चलेगा। शिकायत सीधे एसपी तक पहुंच रही है। एसपी ने साफ किया है कि शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई में लापरवाही सामने आई तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
गणेश पंडाल भी पुलिस से सीधे जुड़ रहे
गणेश उत्सव के दौरान पुलिस ने क्यूआर कोड व्यवस्था को पंडालों तक पहुंचा दिया है। सोमवार से लगाए गए क्यूआर कोड के जरिए दो दिन में तीन पंडालों से जानकारी पुलिस तक पहुंची है। इनमें सुरक्षा व्यवस्था और यातायात से जुड़ी समस्याएं शामिल हैं। इन सूचनाओं पर संबंधित अमले को कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं।
- क्यूआर कोड से मिलने वाली शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। सूचना के आधार पर एसडीओपी को कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं और कार्रवाई की निगरानी भी की जा रही है। - अगम जैन, पुलिस अधीक्षक।