
लाखों दीपों से जगमगाएगा बस्तर (Photo source- Patrika)
मध्य प्रदेश सरकार सेवा से संकल्प अभियान के तहत पांच लाख ‘ आशीर्वाद का दिया ’ जलाने का लक्ष्य तय किया है। 17 सितंबर की शाम 7 बजे सामूहिक रुपए से नगर के प्रत्येक वार्डों और पंचायतों में एक साथ दीप प्रज्वलन का आयोजन किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में ‘ आशीर्वाद का दिया ’ सामूहिक दीप प्रज्वलन कार्यक्रम होगा। शहर से गांव तक पांच लाख दिए से खंडवा रोशन होगा। 17 सितंबर की शाम 7 बजे जिले के अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दीप जलाए जाएंगे।
सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रतिनिधियों, अधिकारियों और समाजसेवियों के साथ आम लोगों की भागीदारी रहेगी। जिला प्रशासन ने तैयारी की समीक्षा के साथ कार्यक्रम के लिए नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों और ग्राम पंचायतों के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।
जिले के 27 आइकॉनिक स्थलों को इसके लिए चिह्नित किया गया है। इन स्थानों पर लाइटिंग और दीप प्रज्वलन की व्यवस्था संबंधित अधिकारियों की निगरानी में होगी। आदेश में प्रत्येक स्थल के लिए नोडल अधिकारी और समाजसेवी की जिम्मेदारी भी तय की गई है।
नगर निगम क्षेत्र में जिम्मेदारी आयुक्त नगर निगम को दी गई है। नगर पंचायत और जनपद पंचायत क्षेत्रों में संबंधित मुख्य नगर पालिका अधिकारी और मुख्य कार्यपालन अधिकारी व्यवस्था संभालेंगे। ग्राम पंचायत क्षेत्रों में संबंधित पंचायतों को जिम्मेदारी दी गई है। निगम आयुक्त प्रियंका सिंह राजावत ने नगरीय क्षेत्र में प्रत्येक वार्डों में कर्मचारियों का ड्यूटी चार्ट जारी कर दिया है।
कलेक्टर के आदेश में सभी कार्यालय प्रमुखों को अपने-अपने शासकीय कार्यालयों में भी दीप प्रज्वलित कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही निर्धारित समाजसेवी के साथ समन्वय बनाकर कार्यक्रम की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। स्कूल, हॉस्टलों में दिए के साथ प्रतियोगिताएं आयोजित किए जाने की तैयारी है।
कोटेश्वर मंदिर, ब्रह्मगीर समाधि स्थल, जिला चिकित्सालय, श्री नीलकंठ महाविद्यालय, रामेश्वर कुंड, सूरजकुंड, घंटाघर, पार्वती बाई धर्मशाला, नगर निगम, पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रतिमा, जोगेश्वर महादेव मंदिर, पंधाना, बाघेश्वरी माता मंदिर, भमराड़ी बेरागांव, सिंगाजी महाराज मंदिर, जाधव मोहल्ला सिंगोट अजय पाल बाबा आश्रम, गुड़ी गायत्री मंदिर, छेगांव माखन, सिंगाजी महाराज मंदिर, अहमदपुर खैगांव, गोमुख घाट, ओंकारेश्वर, ब्राह्मपुरी घाट, राम मंदिर, सुलगांव, दुर्गा मंदिर, पुनासा, सिंगाजी समाधि स्थल, बीड़ , दुर्गा माता मंदिर, मूंदी, बुखारदास बाबा मंदिर, नया हरसूद, रेणुका माता मंदिर, खालवा मां आशा देवी मंदिर, आशापुर, मुंडी घाट, डोलगांवदिद्दा हनुमान मंदिर, देवलिकला और सोलर फ्लोटिंग प्लांट, सिद्धवरकुट आदि स्थानों पर सामूहिक रूप से दीप जलेंगे।
जिला चिकित्सालय में सुबह 11 बजे से रक्तदान दिवस कार्यक्रम होगा। इस दौरान 437 दिव्यांगों को कृत्रिम अंग वितरण शिविर भी आयोजित किया जाएगा। दोनों कार्यक्रमों के लिए स्वास्थ्य विभाग और सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारियों को नोडल जिम्मेदारी दी गई है।
5 लाख — जिले में कुल आशीर्वाद के दिए
2.50 लाख — पंचायत एवं ग्रामीण विभाग
25 हजार — नगर निगम क्षेत्र
1-1 हजार — नगर पंचायतों में
500-500 — प्रत्येक ग्राम पंचायत
Updated on:
16 Sept 2026 12:34 pm
Published on:
16 Sept 2026 12:34 pm
