16 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

खंडवा में क्यूआर कोड स्कैन करते ही एसपी तक पहुंच रही शिकायत, पांच दिन में 40 से ज्यादा इनपुट

अब पुलिस तक शिकायत पहुंचाने के लिए न थाना जाना पड़ेगा, न पुलिसकर्मी का नंबर तलाशना होगा। मोबाइल निकालिए, क्यूआर कोड स्कैन कीजिए और शिकायत सीधे एसपी की निगरानी में पहुंच जाएगी। पुलिस के इस हाइटेक प्रयोग का असर पांच दिन में ही दिखाई देने लगा है। जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से 40 से ज्यादा शिकायतें सीधे पुलिस अधीक्षक तक पहुंच चुकी हैं। इनमें सबसे बड़ा मुद्दा अवैध शराब का है। अकेले शराब बिक्री से जुड़ी 35 शिकायतें मिली हैं। शिकायतों के बाद संबंधित क्षेत्रों में पुलिस कार्रवाई भी शुरू हो गई है।
less than 1 minute read
Google source verification
क्यूआर कोड

क्यूआर कोड से मिली शिकायतों में लोगों ने अपने आसपास अवैध शराब बिक्री के ठिकानों की जानकारी दी है। गली-मोहल्लों से लेकर दुकानों तक कहां शराब बिक रही है, इसकी सूचना लोग मोबाइल से सीधे एसपी तक भेज रहे हैं। शिकायत मिलते ही संबंधित एसडीओपी को कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं। इसके बाद स्थानीय पुलिस शिकायत की जांच कर कार्रवाई कर रही है।

थाने की लापरवाही अब छिपाना मुश्किल

इस नवाचार ने थाना स्तर की जवाबदेही भी बढ़ा दी है। किसी इलाके में लंबे समय से अवैध शराब बिक रही है और स्थानीय पुलिस को इसकी भनक नहीं है, तो अब यह तर्क आसानी से नहीं चलेगा। शिकायत सीधे एसपी तक पहुंच रही है। एसपी ने साफ किया है कि शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई में लापरवाही सामने आई तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

गणेश पंडाल भी पुलिस से सीधे जुड़ रहे

गणेश उत्सव के दौरान पुलिस ने क्यूआर कोड व्यवस्था को पंडालों तक पहुंचा दिया है। सोमवार से लगाए गए क्यूआर कोड के जरिए दो दिन में तीन पंडालों से जानकारी पुलिस तक पहुंची है। इनमें सुरक्षा व्यवस्था और यातायात से जुड़ी समस्याएं शामिल हैं। इन सूचनाओं पर संबंधित अमले को कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं।

- क्यूआर कोड से मिलने वाली शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। सूचना के आधार पर एसडीओपी को कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं और कार्रवाई की निगरानी भी की जा रही है। - अगम जैन, पुलिस अधीक्षक।