दिनभर उमसभरी गर्मी, शाम को बारिश ने दी राहत
खंडवा. दिनभर उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को शाम को हुई बारिश ने राहत दी। शनिवार सुबह से ही तीखी धूप के साथ उमसभरी गर्मी से लोगों के हाल बेहाल रहे। इसी दौरान शाम को अचानक मौसम ने करवट बदली और आसमान में घने बादल छा गए। करीब 5.40 बजे झमाझम बारिश शुरू हुई जो देररात तक जारी रही। बारिश से शहर की सड़कें तरबतर हो गई। वहीं बारिश के साथ ठंडी हवा से मौसम खुशनुमा हो गया। शाम करीब 7 बजे बारिश कुछ देर को थमी। उसके कुछ ही देर बाद दोबारा बूंदाबांदी शुरू हुई जो देर रात तक जारी रही। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो खाड़ी में मानसून दोबारा सक्रिय हुआ है। सिस्टम सक्रिय होने के बाद से जल्द ही निमाड़ में अच्छी बारिश होने के संकेत है। वहीं तापमान में गिरावट आएगी। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया।
भींगते हुए घर पहुंचे लोग
दिनभर से चिपचिपाती गर्मी से परेशान लोगों ने शाम होते ही बाजार का रूख किया। तभी बादल छाने के साथ ठंडी हवा चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। इसी बीच अचानक बारिश शुरू हो गई। बारिश होने से बाजार में मौजूद महिला व पुरुष भींगते हुए घर पहुंचे। वहीं युवा सड़कों पर निकले और मस्ती कर बारिश का लुत्फ उठाया।
सड़कों पर जमा हुआ पानी, आवागमन में परेशानी
इधर, झमाझम बारिश के दौरान कुछ स्थानों पर जलजमाव की स्थिति बनी। जिससे राहगीरों को आवागमन में परेशानियों को सामना करना पड़ा। बारिश के दौरान बस स्टैंड के पास पानी जमा हुआ। ऐसे में पैदल निकलने वाले राहगीरों को परेशानी हुई। वहीं दूध गली में नाले का पानी सड़क पर आने से इस रास्ते से लोगों का आवागमन बंद रहा।
दो घंटे बंद रही बिजली
रात करीब 9.30 बजे अचानक तेज बारिश का दौर शुरू हुआ। बारिश होने से कई स्थानों पर बिजली लाइन में फॉल्ट होने से विद्युत सप्लायी बांधित हुई। इससे दर्जनभर से अधिक कॉलोनियों में एक से दो घंटे बिजली बंद रही। इस दौरान इंदौर नाका क्षेत्र, संतोषी माता वार्ड, संमति नगर, सर्वोदय कॉलोनी के आसपास आदि स्थानों पर बिजली गुल रही।