खंडवा

आवासीय कॉलोनियों के तीन हजार घरों में कारोबार…मिक्स प्रॉपर्टी के नाम पर अस्पताल, टेंट, मोटर गैराज समेत कई कारोबार

शहरी क्षेत्र की आवासीय कॉलोनियों में तीन हजार से अधिक घरों में कारोबार चल रहा है। कहीं अस्पताल तो कहीं कोचिंग, किराना, मोटर गैराज और टेंट का कारोबार शुरू हो गया। निगम के रिकॉर्ड में ये संपत्तियां मिक्स प्रॉपर्टी हैं और इनसे कामर्शियल टैक्स भी वसूला जा रहा है। लेकिन कारोबार की अनुमति और भूमि के उपयोग की अनुमति सवालों के घेरे में है।
3 min read
Sep 22, 2026
Khandwa city
खंडवा : आनंद नगर क्षेत्र के पॉश कॉलोनियों में होटल, टेंट, अस्पताल, गैराज संचालित हो रहे।

नगरीय क्षेत्र में कॉलोनियों में कारोबार के बढ़ने से रहवासियों के घरों से सुकून और कॉलोनियों की गलियों से जगह दोनों कम होती जा रही हैं। पत्रिका ने सोमवार को कुछ कॉलोनियों में निरीक्षण किया। इस दौरान कैमरे में कैद हुई तस्वीरें खुद ब खुद कारोबारियों का बयां कर रहीं हैं।

रिकॉर्ड में संपत्तियां मिक्स प्रॉपर्टी

शहरी क्षेत्र की आवासीय कॉलोनियों में तीन हजार से अधिक घरों में कारोबार चल रहा है। कहीं अस्पताल तो कहीं कोचिंग, किराना, मोटर गैराज और टेंट का कारोबार शुरू हो गया। निगम के रिकॉर्ड में ये संपत्तियां मिक्स प्रॉपर्टी हैं और इनसे कामर्शियल टैक्स भी वसूला जा रहा है। लेकिन कारोबार की अनुमति और भूमि के उपयोग की अनुमति सवालों के घेरे में है।

आवासीय घरों में कारोबार का बढ़ रहा दायरा

शहर की कॉलोनियां धीरे-धीरे बाजार का रूप ले रहीं हैं। आवासीय घरों में कारोबार का दायरा लगातार बढ़ रहा है। निगम के रिकॉर्ड में 3 हजार से अधिक आवास ऐसे दर्ज हैं, जहां आवास के साथ व्यावसायिक गतिविधियां चल रही हैं। इसे निगम मिक्स प्रॉपर्टी के रूप में दर्ज कर रहा है। इन संपत्तियों से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन शुल्क और क्षेत्रफल के अनुपात में व्यावसायिक कर भी लिया जा रहा है। निगम के रिकार्ड में तीन हजार आवासों में व्यवसायिक गतिविधियों के लिए 500 रुपए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और एरिया अनुपात के तहत कामर्शियल टैक्स जमा करा रहा है।

आनंद नगर में कॉलोनियों के बीच पहुंचा कारोबार

आनंद नगर शहर के प्रमुख आवासीय क्षेत्रों में है। नौकरीपेशा परिवारों की बड़ी संख्या यहां रहती है। लेकिन अब मुख्य मार्ग से जुड़ी कॉलोनियों की गलियों में भी कारोबार फैल रहा है। दीनदयाल पुरम समेत आसपास के क्षेत्रों में आवासीय मकानों में दुकानें और अन्य गतिविधियां संचालित हो रही हैं। कारोबार बढ़ने से गलियों में वाहनों का दबाव बढ़ रहा है। कई जगह रहवासियों को मुख्य मार्ग तक आने-जाने में परेशानी होती है। कारोबार के शोरगुल से घरेलू माहौल भी प्रभावित हो रहा है।

बाहेती कॉलोनी में घरों के बीच कारोबार, शोरगुल

इंदिरा चौक से अवस्थी चौक मार्ग पर बाहेती कॉलोनी में भी यही स्थिति दिखाई देती है। आवासीय मकानों में मोटर गैराज, किराना, अस्पताल, टेंट समेत सरकारी गैर सरकारी संस्थाओं का संचालन शुरू हो गया है। अन्य व्यवसायिक गतिविधियां संचालित हैं। इससे सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग बढ़ती है। यातायात प्रभावित होता है। शोर और गंदगी भी रहवासियों की परेशानी बढ़ा रहे हैं।

सर्वोदय कॉलोनी में घरों में खुली दुकानें, रहवासी परेशान

सर्वोदय कॉलोनी में अंदर की गलियों तक व्यावसायिक गतिविधियां हो रही हैं। रहवासियों का कहना है कि घरों के बीच दुकानों के कारण बच्चों की पढ़ाई से लेकर रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। कारोबार के दौरान वाहनों के शोरगुल के बीच रहना मुश्किल होता है। सर्वोदय कॉलोनी में 20 से अधिक दुकानें संचालित हो रही हैं। इसमें टेंट समेत अन्य कारोबार शामिल है।

ये है नियम

किसी भूखंड का आवासीय, वाणिज्यिक या अन्य उपयोग स्वीकृत विकास योजना नियमों के अनुरूप होना चाहिए। सिर्फ टैक्स भरना अनुमति का विकल्प नहीं है। मिक्स्ड यूज निर्धारित होना चाहिए। रियल एस्टेट नीति में आवासीय सुविधा के लिए व्यावसायिक गतिविधियों का प्रावधान और विकास योजनाओं में निर्धारित क्षेत्रों में मिश्रित भूमि उपयोग है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक-सांस्कृतिक सुविधाओं का प्रावधान है।

कॉलोनीवासियों का अधिकार

स्वीकृत लेआउट के अनुसार सड़क और पहुंच मार्ग।

निर्धारित सार्वजनिक, सामुदायिक खुले स्थान।

लेआउट में स्वीकृत पार्क और खेल क्षेत्र।

निर्धारित सामुदायिक सुविधाओं के लिए भूमि।

जल निकासी और मूलभूत सुविधाएं।

अनधिकृत कब्जे और आवागमन में बाधा बनें।

आवासीय क्षेत्र में भवन के विपरीत गतिविधियां पर प्रतिबंध।

ऐसे करनी होगी कार्रवाई

तीन हजारों मिक्स प्रॉपर्टी का सत्यापन कराए।

हर संपत्ति का स्वीकृत भूमि उपयोग जांचे।

भवन की स्वीकृत अनुज्ञा और वर्तमान उपयोग का मिलान करे।

बड़े कारोबार के लिए पार्किंग, यातायात दबाव की जांच करे।

अस्पताल, कोचिंग, गैराज, टेंट जैसे कारोबार की अनुमतियां जांचे।

आवासीय कॉलोनी में कारोबार को केवल कर के आधार पर वैध न माने।

पार्क, खुले स्थान और सामुदायिक भूमि का मौके पर सत्यापन करे।

इनका कहना : प्रकाश राजपूत, बाजार प्रभारी, ननि

मिक्स प्रॉपर्टी के नाम पर दर्ज सभी संपत्तियों की स्थिति की जांच कराई जाएगी। स्वीकृत भूमि उपयोग और भवन अनुज्ञा के विपरीत व्यावसायिक गतिविधि मिलने पर संबंधित शाखा को कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजेंगे। रहवासियों की परेशानी को भी प्राथमिकता से देखा जाएगा।

Updated on:
22 Sept 2026 12:24 pm
Published on:
22 Sept 2026 12:24 pm