
खंडवा. आनंद नगर में खुली शराब दुकान को लेकर रहवासियों का विरोध तेज होता जा रहा है। शुक्रवार को शराब दुकान से कुछ दूरी पर लगे विधायक निवास के संकेतक बोर्ड के नीचे रहवासियों सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक निवास और शराब दुकान को चिह्नित करता बैनर लगा दिया। हालांकि कुछ देर बाद ये बैनर किसी ने हटवा दिया। तीन दुकान हटाने के बाद शराब कारोबारी ने दुकान अपने घर में ही खोल दी।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि विधायक ने कमीशन के लिए रहवासी क्षेत्र में दुकान खुलवा दी है। वहीं, विधायक ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेसी खुद ठेकेदार की मदद कर रहे हैं। रहवासी क्षेत्र में शराब दुकान खुलने का विरोध पहले से ही चल रहा है। अब कांग्रेस के शामिल होने से मामले ने राजनीति रूप ले लिया है। शुक्रवार को रहवासियों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता भी विरोध में शामिल हुए। किसान कांग्रेस शहर अध्यक्ष राजकुमार कैथवास, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष लव जोशी सहित अन्य ने आरोप लगाया कि विधायक देवेंद्र वर्मा की शराब ठेकेदार से मिलीभगत है। कमीशनबाजी के खेल में विधायक ठेकेदार को शह दे रहे है। कई शिक्षण संस्थाएं क्षेत्र में होने के बाद भी ठेकेदार अपनी मर्जी चला रहा है।
बाहर से लोग बुलवा रहे
विधायक देवेंद्र वर्मा ने कांग्रेस के आरोप का जवाब देते हुए कहा कि जब रामेश्वर चौकी पर ये दुकान आने वाली थी, तब कांग्रेस के कुछ नेता बड़ी जोर-शोर से विरोध कर रहे थे। तब भी मैंने उनकी मदद की थी। अब जब रामेश्वर की बजाए आनंद नगर में शराब दुकान आई है तो इनका विरोध ठंडा पड़ गया है। चंद नेता राजनीति के चलते बाहर से आकर यहां प्रदर्शन कर रहे है। जबकि पूर्व में विरोध करने वाले ठेकेदार की मदद में लगे हुए है। ये सब राजनीति स्टंट है जो मुझे टारगेट बनाने के लिए किया जा रहा है।