खंडवा

अर्द्धवार्षिक परीक्षा : स्कूलों में परीक्षा के पेपर दो गुना महंगे, स्कूलों पर 15.48 लाख का अतिरिक्त भार

स्कूल शिक्षा विभाग ने हाई स्कूल और हायर सेकंडरी स्कूलों में अर्द्धवार्षिक परीक्षा में प्रश्न पत्र राज्य ओपन बोर्ड से क्रय कर रहा है। शासन ने 65 रुपए प्रति छात्र शुल्क निर्धारित किया है। जबकि में ऑनलाइन पेपर प्रिंट कराने पर प्रति छात्र 30 रुपए खर्च होंगे और ओपन बोर्ड को 65 रुपए देने होंगे। इससे सरकारी स्कूलों का सालभर की गतिविधियों का बजट बिगडऩे की आशंका है।
2 min read
• •
Updated: 15 Nov 2026, 12:16 PM IST
half yearly examination
half yearly examination @photo ai

स्कूल शिक्षा विभाग ने हाई स्कूल और हायर सेकंडरी स्कूलों में अर्द्धवार्षिक परीक्षा में प्रश्न पत्र राज्य ओपन बोर्ड से क्रय कर रहा है। शासन ने 65 रुपए प्रति छात्र शुल्क निर्धारित किया है। जबकि में ऑनलाइन पेपर प्रिंट कराने पर प्रति छात्र 30 रुपए खर्च होंगे और ओपन बोर्ड को 65 रुपए देने होंगे। इससे सरकारी स्कूलों का सालभर की गतिविधियों का बजट बिगडऩे की आशंका है।

खर्च दोगुने से भी अधिक हो जाएगा

सरकारी स्कूलों में परीक्षाओं के खर्च का गणित बदल गया है। त्रै-मासिक परीक्षा में ऑनलाइन प्रश्नपत्र डाउनलोड कर प्रिंट कराने पर प्रति छात्र औसतन 30 रुपए खर्च हुए थे। अब अर्द्धवार्षिक परीक्षा के लिए राज्य ओपन बोर्ड से प्रश्नपत्र खरीदने होंगे। इसके लिए प्रति विद्यार्थी 65 रुपए चुकाने पड़ेंगे। यानी खर्च दोगुने से भी अधिक हो गया है। जिले के 44 हजार 254 विद्यार्थियों के हिसाब से इस बार 28 लाख 76 हजार 510 रुपए खर्च होंगे। त्रैमासिक परीक्षा के अनुमानित खर्च से यह राशि 15 लाख 48 हजार 890 रुपए अधिक है।

स्कूलों के वार्षिक बजट पर पड़ेगा असर

स्कूलों में विद्यार्थियों से सालभर की परीक्षा और अन्य गतिविधियों के लिए 253 रुपए प्रति छात्र जमा कराए जाते हैं। इसमें प्रश्नपत्र, उत्तरपुस्तिका और शैक्षणिक गतिविधियों का खर्च शामिल है। जिले के 44 हजार 254 विद्यार्थियों के हिसाब से यह राशि करीब 1 करोड़ 11 लाख 96 हजार 262 रुपए बैठती है। हालांकि, इस राशि का उपयोग पूरे साल की निर्धारित गतिविधियों में किया जाना है। प्राचार्यों का कहना है कि परीक्षा के एक मद में निर्धारित राशि से अधिक खर्च होने पर दूसरे कामों का बजट प्रभावित होता है। खेलकूद, शैक्षणिक आयोजन और अन्य गतिविधियों के लिए उपलब्ध राशि सीमित हो जाती है। ऐसे में पूरे सत्र की योजना बनाना मुश्किल होगा।

रसीद दिखाने पर ही मिलेंगे प्रश्नपत्र

मप्र राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड ने प्रति परीक्षार्थी 65 रुपए शुल्क जमा करने के निर्देश दिए हैं। आयुक्त लोक शिक्षण के निर्देश पर प्रदेश के हाईस्कूल और हायर सेकंडरी स्कूलों को बोर्ड से प्रश्नपत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। स्कूलों को विमर्श पोर्टल पर यूडाइस कोड, संस्था और प्राचार्य की जानकारी दर्ज कर नेट बैंकिंग, यूपीआई या क्यूआर कोड से भुगतान करना होगा। भुगतान की रसीद सुरक्षित रखना अनिवार्य है। पेपर प्राप्त करते समय रसीद की प्रति जमा करनी होगी।

फैक्ट फाइल : कक्षावार विद्यार्थी

कक्षा विद्यार्थी

9वीं 16,112

10वीं 11,371

11वीं 8,453

12वीं 8,318

कुल 44,254

ऐसे समझें खर्च का अंतर

अर्द्धवार्षिक परीक्षा : 28,76,510 रुपए।

त्रैमासिक परीक्षा (30 रुपए प्रति छात्र) : 13,27,620 रुपए।

अतिरिक्त खर्च : 15,48,890 रुपए।

प्रश्नपत्र का नया शुल्क : 65 रुपए प्रति छात्र।

सालभर की गतिविधियों के लिए निर्धारित राशि : 253 रुपए प्रति छात्र।

इनका कहना : बलवंत पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी

अर्द्धवार्षिक परीक्षा में राज्य ओपन बोर्ड से प्रश्नपत्र की व्यवस्था पहले से है। त्रैमासिक परीक्षा में स्कूल स्तर पर व्यवस्था बनाई गई थी। शासन की गाइडलाइन के तहत यह प्रक्रिया अपनाई गई है। खर्च में अंतर हो सकता है, लेकिन इससे परीक्षा व्यवस्था और सशक्त होगी।

Updated on:
15 Nov 2026, 12:16 PM IST
Published on: