आयो लाल, झूलेलाल के जयकारों से गूंज उठा शहर, लहराई भगवा पताकाएं -भगवा पताकाएं लेकर युवाओं के साथ महिलाएं, युवतियां भी हुईं शामिल
आयो लाल, झूलेलाल के नारों से शुक्रवार को शहर की सडक़ें गूंज उठी। अवसर था सिंधी समाज के आराध्य भगवान श्री झूलेलाल के जन्मोत्सव चेट्रीचंड्र पर पर निकाली वाहन रैली का। श्री झूलेलाल नवयुवक मंडल और श्री झूलेलाल समर्थ पैनल के संयुक्त तत्वावधान में निकाली वाहन रैली में युवाओं सहित महिलाएं, युवतियां, बच्चें और सभी समाजजन शामिल हुए। वाहन रैली का जगह-जगह पुष्पवर्षा, स्वल्पाहार से स्वागत भी हुआ।
वाहनों पर सवार होकर निकले युवक-युवती
बुधवार प्रात: 10 बजे सिंधी कॉलोनी स्थित श्री झूलेलाल मंदिर से वाहन रैली आरंभ हुई। रैली में सिंधी कॉलोनी एवं पदम नगर की मातृशक्ति हाथों में भगवा और भगवान झूलेलाल के ध्वज एवं सफेद सलवार सूट के साथ लाल दुपट्टा पहनकर शामिल हुईं।
रात में घरों के बाहर आतिशबाजी
पैनल सचिव रजत मंगवानी एवं प्रवक्ता निर्मल मंगवानी ने बताया कि पर्व की पूर्व रात्रि को 12 बजे श्री झूलेलाल मंदिर परिसर के साथ ही समाजजनों द्वारा अपने घरों की छतों से आतिशबाजी की गई। मुख्य दिवस शुक्रवार प्रात: 10 बजे से वाहन रैली सिंधी कॉलोनी एवं पदम नगर से निकाली गई। हाथों में भगवा धर्म ध्वजा एवं सफेद सलवार सूट के साथ भगवा दुपट्टा पहनकर श्री झूलेलालजी के जयकारों के साथ निकाली।
दोपहर में निकला बहराणा साहब का जुलूस
चेट्रीचंड्र पर समाज द्वारा दोपहर में बहराणा साहब की शोभायात्रा निकाली गई। शाम को केक काटकर उत्सव मनाया गया। रात में भंडारा प्रसादी का आयोजन भी हुआ। मंडल अध्यक्ष मोहन दीवान ने बताया कि रैली के दौरान पूज्य सिंधी पंचायत अध्यक्ष मेठाराम पिंजानी, मोहन दीवान, हरीश आसवानी, रवि गिदवानी, मनोहर सबनानी, राजेश परचानी, लेखराज हेमवानी, प्रदीप कोटवानी, किशोर मंगवानी, सागर, अनिल आरतानी, गणेश गुरबानी, चंद्रलाल वाधवा, पार्षद कोमल सुनील लालवानी, पवन गोस्वामी, सुनील मनीष गेलानी, प. श्याम शर्मा, साधु लखानी, अनिल सबनानी सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।