खंडवा

तांत्रिक के फेरे में पत्नी, आपत्तिजनक वीडियो देख पति ने की आत्महत्या, अब तांत्रिक पर बलात्कार का केस

खंडवा. घर की खुशहाली और परिवार की समस्याएं दूर करने के लिए तांत्रिक के पास पहुंची महिला कथित तौर पर उसके जाल में ऐसी फंसी कि मामला एक परिवार के बिखरने तक पहुंच गया। मजदूरी के सिलसिले में अक्सर गुजरात और महाराष्ट्र जाने वाले पति ने दीपावली पर घर लौटने के बाद पत्नी के मोबाइल में तांत्रिक के साथ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो देख लिए। इसे लेकर पति-पत्नी के बीच जमकर विवाद हुआ। इसके दो दिन बाद पति ने खेत में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पति की मौत के तीन दिन बाद अब पत्नी ने उसी तांत्रिक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि तांत्रिक उसे भगुत देता था। उसने तंत्र-मंत्र के नाम पर उसे अपने जाल में फंसाया और उसकी मर्जी के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। मामला पिपलौद थाना क्षेत्र का है। पुलिस आरोपी तांत्रिक करण की तलाश कर रही है।
2 min read
• •
Updated: 15 Nov 2026, 12:18 PM IST
पिपलौद थाना क्षेत्र का मामला
  • तंत्र-मंत्र की आड़ में शोषण करने का लगाया आरोप, पिपलौद थाना क्षेत्र का मामला, आरोपी तांत्रिक करण की तलाश

दीपावली मनाने घर आया था पति, मोबाइल में मिले आपत्तिजनक वीडियो

महिला का पति मजदूरी के सिलसिले में अक्सर घर से बाहर रहता था। परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे और माता-पिता हैं। दीपावली का त्योहार मनाने के लिए वह घर आया हुआ था। इसी दौरान एक दिन उसके हाथ पत्नी का मोबाइल लग गया। मोबाइल चेक करने पर उसे पत्नी और तांत्रिक करण के साथ के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो दिखाई दिए। इन्हें देखकर पति के होश उड़ गए। इस बात को लेकर दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ। वीडियो सामने आने के बाद परिवार में तनाव का माहौल बन गया था।

खेत में पेड़ पर फंदे से लटका मिला पति

11 नवंबर को पति सुबह खेत जाने का कहकर घर से निकला था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजन को चिंता हुई। परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। खेत पहुंचने पर वह पेड़ पर फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिजन के होश उड़ गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मामले में पिपलौद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। पति की मौत के बाद परिवार के लोगों ने पत्नी को जिम्मेदार ठहराया था।

तंत्र-मंत्र की आड़ में शोषण करने का आरोप

पति की मौत के तीन दिन बाद शनिवार को महिला पिपलौद थाने पहुंची और तांत्रिक करण के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। महिला ने पुलिस को बताया कि वह घर की खुशहाली और समस्याओं के समाधान के लिए तांत्रिक के संपर्क में आई थी। तांत्रिक ने उसे तंत्र-मंत्र के नाम पर अपने जाल में फंसाया। उसने महिला के हाथ में कुछ धागे बांधे और इसी दौरान उसके साथ कथित तौर पर उसकी मर्जी के विरुद्ध गलत काम किया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने तांत्रिक के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

आरोपी तांत्रिक की तलाश में जुटी पुलिस


पिपलौद थाना प्रभारी विक्रम धारवे के अनुसार महिला की शिकायत पर आरोपी तांत्रिक करण के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पति की आत्महत्या और उससे पहले सामने आए विवाद के घटनाक्रम को भी जांच में शामिल किया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में और तथ्य सामने आने की उम्मीद है।

Updated on:
15 Nov 2026, 12:18 PM IST
Published on: