खंडवा

पात्रता परीक्षा…शिक्षकों को पढ़ना होगा हिंदी, अंग्रेजी, गणित के साथ पर्यावरण, जुटाने होंगे 150 अंक

मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने स्कूल शिक्षा विभाग के शिक्षकों की पात्रता परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। खंडवा में परीक्षा के दायरे में 1500 शिक्षक आ रहे हैं। कैलेंडर जारी होते ही शिक्षकों का परीक्षा के नाम पर पसीना छूट रहा है।
2 min read
Aug 20, 2026
teacher eligibility test
शिक्षक पात्रता परीक्षा की तिथि घोषित होने के बाद तैयारी में शिक्षकों का छूट रहा पसीना, फोटो पत्रिका एआई

मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने स्कूल शिक्षा विभाग के शिक्षकों की पात्रता परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। खंडवा में परीक्षा के दायरे में 1500 शिक्षक आ रहे हैं। कैलेंडर जारी होते ही शिक्षकों का परीक्षा के नाम पर पसीना छूट रहा है।

पात्रता परीक्षा के नाम पर शिक्षकों में खलबली

प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में पात्रता परीक्षा के दायरे में डेढ़ हजार से अधिक शिक्षक आएंगे। शिक्षकों को अब स्कूल में पढ़ाने के साथ परीक्षा की तैयारी भी करनी होगी। उन्हें हिंदी, अंग्रेजी, गणित के पर्यावरण की पढ़ाई करनी करने के साथ 150 अंक जुटाने होंगे। शिक्षक संगठनों ने इसका विरोध शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों को फिर परीक्षा में बैठाना उचित नहीं है।

12 अक्टूबर को परीक्षा, 2.30 घंटे मिलेगा समय

मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षकों की पात्रता परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षा 12 अक्टूबर को होगी। आवेदन 21 अगस्त से 4 सितंबर तक किए जा सकेंगे। 9 सितंबर को आवेदन में संशोधन का अवसर मिलेगा। परीक्षा की अवधि 2.30 घंटे रहेगी। प्रति प्रश्न पत्र एक हजार रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है। खंडवा में परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा या नहीं, अभी स्पष्ट नहीं है।

शिक्षकों को 150 प्रश्नों का देना होगा जवाब

प्राथमिक शिक्षकों की परीक्षा में कुल 150 प्रश्न होंगे। सभी प्रश्न एक-एक अंक के होंगे। बाल विकास एवं शिक्षा शास्त्र, भाषा-1, भाषा-2, गणित और पर्यावरण अध्ययन से 30-30 प्रश्न पूछे जाएंगे। इस तरह परीक्षा 150 अंकों की होगी।

माध्यमिक शिक्षकों की दो भागों में होगी परीक्षा

माध्यमिक शिक्षकों की परीक्षा दो भागों में होगी। भाग ‘ अ ’ में भाषा-1, भाषा-2, सामान्य ज्ञान, तार्किक एवं आंकिक योग्यता और शिक्षा शास्त्र से कुल 30 प्रश्न होंगे। भाग ‘ब’ में संबंधित विषय के प्रश्न पूछे जाएंगे। हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, गणित और विज्ञान विषय के लिए 120-120 प्रश्न निर्धारित किए गए हैं। यानी संबंधित विषय के शिक्षक को विषयवार परीक्षा देनी होगी।

विरोध के बीच चुपचाप शुरू की तैयारी

पात्रता परीक्षा का शिक्षक संगठन विरोध कर रहे हैं। इसके बावजूद कई शिक्षकों ने तैयारी शुरू कर दी है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के शिक्षक स्कूल की पढ़ाई के साथ परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। कुछ शिक्षकों ने परीक्षा शुल्क को लेकर भी आपत्ति जताई है।

33 साल की सेवा के बाद परीक्षा पर सवाल

शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष प्रशांत दीक्षित ने परीक्षा का विरोध किया है। उनका कहना है कि सरकार ने परीक्षा का कैलेंडर जारी कर दिया है। लेकिन कुछ बिंदुओं पर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। 33 साल से सेवा दे रहे शिक्षकों को फिर पात्रता साबित करने के लिए परीक्षा में बैठाना उनके सम्मान से खिलवाड़ है। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना प्रस्तावित है। इसके बाद भी विरोध जारी रहेगा।

परीक्षा का कार्यक्रम

आवेदन : 21 अगस्त से 4 सितंबर

आवेदन संशोधन : 9 सितंबर

परीक्षा : 12 अक्टूबर

परीक्षा अवधि : 2 घंटे 30 मिनट

शुल्क : प्रति प्रश्न पत्र 1000 रुपए

इनका कहना : बलवंत पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी

मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने सेवारत प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षकों की पात्रता परीक्षा का कैलेंडर जारी कर दिया है। खंडवा में परीक्षा केंद्र बनेगा या नहीं, अभी दिशा-निर्देश नहीं आए हैं। आदेश मिलने के बाद तैयारियां की जाएंगी।

Updated on:
20 Aug 2026 12:10 pm
Published on:
20 Aug 2026 12:10 pm