खंडवा

मानवता शर्मसार: अनाज मंडी में बुजुर्ग के शव को कुत्तों ने नोचा

शहर के बीच पुरानी अनाज मंडी में जहां आज किशोर सम्मान कार्यक्रम होना है वहां एक दिन पहले सोमवार सुबह मानवता को झकझोर देने वाला दृश्य सामने आया। मंडी परिसर में एक अज्ञात बुजुर्ग का शव पड़ा था, जिसे आवारा कुत्तों ने बुरी तरह नोच डाला। मंडी गार्ड की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बुजुर्ग की मौत देर रात हुई होगी, जिसके बाद कुत्तों ने शव को क्षत-विक्षत कर दिया।
2 min read
Aug 04, 2026
Nokha news, Bikaner dog attack, stray dogs Rajasthan, child attacked by dogs, Panchu village incident, Rajasthan local news, dog menace rural area, Bikaner PBM hospital case, animal attack news, Rajasthan safety issue, stray dog problem India, rural Rajasthan news, dog bite incident child, village safety concern, Nokha latest news
फाइल फोटो- पत्रिका

- मंडी परिसर में मिला अज्ञात बुजुर्ग का क्षत-विक्षत शव
- सुबह गार्ड ने देखा भयावह मंजर, पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की शिनाख्त

पुरानी अनाज मंडी में सोमवार सुबह करीब 7.30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंडी गार्ड की नजर शेड के नीचे पड़े एक बुजुर्ग के शव पर पड़ी। शव के आसपास कई आवारा कुत्ते जमा थे और उसे नोच रहे थे। यह दृश्य देखकर गार्ड भी सन्न रह गया। उसने तत्काल पत्थर मारकर कुत्तों को वहां से भगाया और डायल-112 पर सूचना दी।

कुत्तों ने शव क्षत-विक्षत कर दिया

सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआइ दिनेश कुमरावत ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। एसआइ कुमरावत ने बताया कि कुत्तों ने शव के पैर, कमर और पेट के पास का हिस्सा बुरी तरह क्षत-विक्षत कर दिया था। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि बुजुर्ग की मौत देर रात हुई होगी और सुबह तक शव खुले में पड़ा रहने के कारण आवारा कुत्तों ने उसे नोच डाला। मर्ग कायम कर लिया है तथा मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के लोगों और मंडी कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके और उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।

गुरुपूर्णिमा पर्व के समय से मंडी में रह रहे थे

मृतक बुजुर्ग गुरुपूर्णिमा के दौरान शहर आए थे और तभी से पुरानी अनाज मंडी परिसर में रह रहे थे। मंडी गार्ड अक्षय खत्री ने बताया कि कई बार उन्हें समझाकर घर जाने के लिए कहा गया, लेकिन वे मंडी छोड़ने को तैयार नहीं हुए। दिनभर शहर में इधर-उधर घूमने के बाद वे हर शाम मंडी के शेड में आकर सो जाते थे। रविवार रात करीब 10 बजे उसने मंडी परिसर का भ्रमण किया था। उस समय कुछ हम्मालों को वहां से हटाया गया, जबकि बुजुर्ग अकेले शेड में सो रहे थे। सोमवार सुबह जब वह नियमित गश्त पर पहुंचा तो कुत्तों को शव नोचते देख तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मंडी में होना है किशोर नाइट कार्यक्रम

जिस पुरानी अनाज मंडी बुजुर्ग के शव को कुत्तों ने नौंच वहां मंगलवार शाम करीब 7.30 बजे किशोर नाइट कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस अवसर पर ख्यातिप्राप्त गायक पी. गणेश व प्रीति जोशी द्वारा किशोर कुमार के गीतों की सुमधुर प्रस्तुति दी जाएगी। इस कार्यक्रम में मुम्बई के जाने माने पार्श्वगायक विनोद राठौर को गायन के क्षेत्र में 1 लाख रुपये व ताम्रपत्र के साथ किशोर सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर भारी भीड़ मौजूद रहेगी। वहीं दूसरी तरफ आक्रामक कुत्ते अभी तक पकड़े नहीं गए हैं। ऐसे में खतरे की संभावना ओर अधिक बढ़ जाती है।

एक्सपर्ट व्यू

मेडिकल कॉलेज मेडिसिन विभाग के प्रभारी डॉ. पंकज जैन ने बताया कि शव को नोंच खाने वाले यह स्ट्रीट डॉग बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं। इसलिए नगर निगम को चाहिए की इन्हें रेस्क्यू करे। इनसे रैबीज होने का खतरा भी अधिक होता है। किसी को काटने पर वे तुरंत अस्पताल में डॉक्टर को दिखाए। आसपास के क्षेत्र में रहवासियों को सतर्क रहने की जरूरत हैं।



Updated on:
04 Aug 2026 11:47 am
Published on:
04 Aug 2026 11:47 am