खंडवा

Watch Video.. आगे आगे भाग रहे नेताजी, पीछे-पीछे दौड़ती रही पुलिस, छकाने के बाद आए पकड़ में, तीन घंटे बैठाया कोतवाली थाने में

-प्रभारी मंत्री को शहर की समस्याएं सुनने के फरमान के बाद पुलिस ने नजर बंद -कांग्रेस ने जताया विरोध, कहा अब शासन के सामने बोलना भी गुनाह

2 min read
May 13, 2026
खंडवा. तीनों थाने के टीआइ लाए नेता प्रतिपक्ष को थाने।

जिले के प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी के खंडवा दौरे पर जमकर राजनीति गरमाई। कांग्रेस नेता व निगम नेता प्रतिपक्ष दीपक मुल्लू राठौर ने प्रभारी मंत्री के आगमन पर उनसे शहर व जिले की समस्याओं पर चर्चा करने की बात कही थी। जिसके बाद मंगलवार सुबह ही पुलिस ने मुल्लू राठौर को नजरबंद कर दिया। यहां तक ये स्थिति बनी कि मुल्लू राठौर पुलिस से बचने आगे-आगे भागते रहे और पुलिस उनके पीछे दौड़ती रही। करीब 5 घंटे मुल्लू राठौर को कोतवाली थाने में बैठाए रखा।

काफिला रोकने की तैयारी में थे
प्रभारी मंत्री लोधी सोमवार रात को ही खंडवा आ गए थे। नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौर ने मंगलवार को उनके कार्यक्रम के दौरान काफिला रोककर उनसे चर्चा करने की बात कही थी। प्रशासन और पुलिस ने कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सुबह से ही मुल्लू पर नजर रखना शुरू कर दी। सुबह 9 बजे से पुलिसकर्मी सर्वोदय स्थित मुल्लू राठौर के घर के बाहर जम गए। सुबह 10.30 बजे जब मुल्लू राठौर अपनी बाइक लेकर जाने लगेे तो उनकी बाइक की चाबी निकाल ली। इसके बाद मुल्लू ने दौड़ लगा दी और पुलिसकर्मी भी उनक पीछे दौड़ पड़े। करीब 500 मीटर तक पुलिस और मुल्लू के बीच दौड़ चली। पुलिस ने अवस्थी चौराहा पर मुल्लू को पकड़ लिया।

तीनों थाने के टीआइ पहुंचे मौके पर
मुल्लू को पकडऩे के बाद वह जोर जोर से नारेबाजी करने लगे। इस दौरान कोतवाली टीआइ प्रवीण आर्य, मोघट थाना प्रभारी धीरेश धारवाल, पदमनगर थाना प्रभारी जगदीश जमरा और पुलिस बल पहुंचा। मुल्लू को पुलिस की गाड़ी में बैठाकर कोतवाली थाने लाया गया। यहां पुलिस ने प्रभारी मंत्री के खंडवा से रवाना होने तक मुल्लू को थाने में बैठाए रखा।

शहर अध्यक्ष सहित कांग्रेसजन पहुंचे थाने
मुल्लू को थाने लाए जाने की सूचना मिलते ही कांग्रेसजन भी थाने में इक_ा होना शुरू हो गए। शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी भी थाने पहुंचीं और विरोध दर्ज कराया। प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि ये भाजपा का लोकतंत्र है, जहां किसी मंत्री से सवाल पूछना भी गुनाह है। जिले में किसान समर्थन मूल्य के स्लॉट बुक नहीं होने से परेशान है, जनसुनवाई में किसान अपनी समस्या सुनाने जाता है तो उसे जेल भेज दिया जाता है। तीन पुलिया ओवर ब्रिज नहीं बन रहा। कई सवाल है जिनका जवाब जनता जानना चाहती है। जब जनप्रतिनिधि मंत्री से बात करना चाहते है तो उन्हें थाने में बैठाकर नजरबंद कर दिया जाता है, ये कहां का कानून है?

कांग्रेस करती प्रोपेगंडा
कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, जिसके कारण सिर्फ प्रोपेगंडा करती है। अब तो कांग्रेस के प्रदर्शन पर भी हंसी आती है। जनता जानती है कि भाजपा के शासन में कितने काम हो रहे है। इस तरह के प्रदर्शन कर कांग्रेस सिर्फ अपनी ओर ध्यानाकर्षित करना चाह रही है।
धर्मेंद्रसिंह लोधी, प्रभारी मंत्री

प्रदर्शन की सूचना मिली थी
नेता प्रतिपक्ष द्वारा मंत्री के सामने प्रदर्शन करने की सूचना मिली थी। कानून व्यवस्था को बनाए रखने नेता प्रतिपक्ष को थाने लाया गया था। समझाइश देकर बाद में छोड़ दिया गया है।
अभिनव बारंगे, नगर पुलिस अधीक्षक

Updated on:
13 May 2026 11:32 am
Published on:
13 May 2026 11:24 am
Also Read
View All