खंडवा

बदला मौसम… पश्चिमी विक्षोभ का असर : दोपहर में तेज धूप, उमस, शाम को झमाझम बरसे बादल

-आकाशीय बिजली भी खूब कडक़ी, 45 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चली हवा

2 min read
Apr 03, 2026
खंडवा. गुरुवार रात को हुई तेज बारिश।

पश्चिमी विक्षोभ के चलते गुरुवार शाम एक बार फिर मौसम बदला और आकाशीय बिजली की गडगड़़ाहट के साथ जमकर बारिश भी हुई। सुबह से तेज धूप और बादलों के कारण उमस बनी हुई थी। दोपहर बाद 35 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलने लगी। शाम होते होते मौसम भी पूरी तरह से बदल गया। जिला कृषि मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन दिन बारिश और हवा आंधी की स्थिति बनी रहेगी।

महाराष्ट्र से आए बादलों से बारिश
गुरुवार दोपहर तक जिले में पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रत्यक्ष बारिश की कोई संभावना नहीं थी। इसके बाद महाराष्ट्र से होते हुए बादल खरगोन पहुंचे और तेज हवाओं के चलते खंडवा की ओर मुड़ गए। जिला कृषि मौसम इकाई प्रभारी डॉ. सौरव गुप्ता ने शाम से ही चेतावनी जारी कर दी थी और खंडवा को हाई अलर्ट पर बताया था। शाम तक चेतावनी सच हो गई।

शहर में दस मिनट तक जमकर बारिश
छैगांवमाखन, पंधाना, धनगांव, पुनासा, ओंकारेश्वर में अच्छी बारिश के बाद रात 8 बजे शहर में भी दस मिनट तक झमाझम बारिश हुई। इस दौरान आकाशीय बिजली भी खूब कडक़ी। रात को हल्की बूंदाबांदी भी रुक रुककर होती रही। वहीं, रात में पुनासा और खालवा ब्लॉक के कई गांवों में भी बारिश हुई है। इस दौरान ओलावृष्टि की भी सूचना है।

आज से दक्षिण-पश्चिम मप्र में बारिश का दौर
जिला कृषि मौसम इकाई प्रभारी डॉ. सौरव गुप्ता ने बताया कि अब तक प्रत्यक्ष बारिश के आसार नहीं थे, अब पश्चिमी विक्षोभ पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। मप्र के दक्षिणी, पश्चिमी भाग में तीन दिन तक बारिश के आसार है। खंडवा सहित बुरहानपुर, बैतूल, खरगोन व आसापस के जिले प्रभावित रहेंगे। इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी और आकाशीय बिजली का भी प्रकोप रहेगा। तीन दिन तक पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश के आसार है। हालांकि दोपहर बाद ही मौसम बदलेगा।

दिन का तापमान बढ़ा, रात का घटा
पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में भी उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। गुरुवार को दिन बादल और उमस के चलते अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। शाम को मौसम बदलने से रात के तापमान में एक डिग्री की कमी आई। गुरुवार को अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री और न्यूनतम 21.0 डिग्री रहा। डॉ. गुप्ता के अनुसार दो दिन तापमान में कमी आएगी। इसके बाद धीरे-धीरे तापमान बढऩे लगेगा।

Published on:
03 Apr 2026 01:00 pm
Also Read
View All

अगली खबर