खंडवा

MP : PM आदर्श ग्रामों में विकास की तस्वीरें धुंधली, सड़क पर शुरू होती है रोजमर्रा की जिंदगी

पत्रिका ने नगर निगम की सीमा से सटे आदर्श ग्रामों में विकास की हकीकत खंगाली तो आदर्श ग्राम पंचायतों में विकास की तस्वीरे धुंधली नजर आई। पेश है दोनों ग्राम पंचायतों के विकास की सच्ची तस्वीर।

3 min read
Jun 13, 2026
Pradhan Mantri Adarsh ​​Gram
खंडवा : नगर निगम से सटे ग्राम पंचायत में पानी के लिए पसीना बहा रहा ग्रामीण

देश का विकास गांव की पगडंडियों से होकर गुजरता है। क्योंकि अधिकांश आबादी गांवों में रहती है। इस लिए जब तक हर गांव सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और आधुनिक सुविधाओं के साथ बुनियादी ढांचे से नहीं जुड़ीं हैं। तब गांवों का समग्र विकास संभव नहीं। पत्रिका ने नगरीय सीमा से सटे आदर्श ग्रामों में विकास की हकीकत खंगाली तो विकास की तस्वीरे धुंधली नजर आई।

आदर्श ग्राम रोशनाई : योजनाएं बदहाल, सड़कों पर बिखरी गिट्टियां

आदर्श ग्राम रोशनाई में सड़क पर बर्तन धुलने से लेकर चारपाई तक लगती है। दो हजार आबादी के बीच गांव में हैंडपंप सूखे। नल-जल योजना का पानी तीसरे दिन मिलता है। गांव की गलियों में नालियों का पानी बह रहा। आदर्श ग्राम में गंदगी के बीच टेढ़े-मेढे बिजली के खंभे, टूटी सड़कों पर लोगों का चलना मुश्किल है। विधायक निधि से निर्माणाधीन टीन शेड का निर्माण अधूरा है। ई-पंचायत भवन के सामने गली में 10 मीटर सीमेंट मार्ग सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद बनी। नाली का निर्माण नहीं कराया। गांव के राजकुमार कहते हैं। कई बार सरपंच-सचिव से से कहा गया। इसके बाद भी नाली का निर्माण नहीं कराया। बारिश में दिक्कत होगी।

आदर्श ग्राम में ये भी समस्याएं

स्कूल में किचन शेड का निर्माण पांच साल से अधूरा।

नाली का निर्माण नहीं होने से जल निकासी की समस्या।

माध्यमिक स्कूल में बाउंड्री नहीं होने से नशेडिय़ों का जमावड़ा।

विधायक निधि से टीन शेड का निर्माण अधूरा।

पंचायत भवन समय से नहीं खुलता, लोगों को दिक्कत।

सार्वजनिक स्थलों पर फेंका जा रहा कचरा।

बुजुर्गों को तीन माह से वृद्धा पेंशन नहीं मिल रही।

स्वच्छता मिशन के टॉयलेट जर्जर हो गए हैं।

इनका कहना : राजमोहन ढॉकसे, सरपंच, आदर्श ग्राम रोशनाई

प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराया रहा है। सड़क के साथ नाली का एस्टीमेट नहीं था। पंचायत भवन के सामने नाली का निर्माण कराया गया है। टीन शेड का निर्माण जल्द पूर्ण होगा।

नागचून ग्राम पंचायत :

पीएम आवास अधूरा, ई-पंचायत में रहने को विवश परिवार

नागचून ग्राम पंचायत में योजनाएं बदहाल हैं। यहां की सबसे बड़ी समस्या पीएम आवास के अधूरे निर्माण हैं। गांव के दिलीप बरकड़े, लखन सावनेर आदि के खाते में 6 माह से किस्त नहीं आई है। मैपिंग के बाद भी किस्त नहीं मिली। किसी की दूसरी तो किसी की तीसरी किस्त अटकी है। अधूरे आवास से गर्मी में लाभार्थी बेहाल हैं। नन्नू राजाराम का आवास अधूरा होने पर पूरा परिवार इ-पंचायत भवन में डेरा डाल दिया है। बेटे ने बताया कि उसकी मां माया बाई के नाम से आवास मिला था। उनकी मृत्यु हो गई। अब पिता नन्नू राजाराम के नाम से निर्माण हो रहा है। किस्त नहीं मिलने से आवास अधूरा है। पंचायत भवन में रहने के लिए सरपंच से बात हुई है।

नागचून ग्राम पंचायत में ये भी समस्याएं :

जलस्तर नीचे जाने से हैंडपंप, टंकियां सूखीं।

नागचून व बगड़गांव भीला में चौथे दिन पानी की सप्लाई।

नागचून-बड़गांव को कनेक्ट करने वाला मार्ग कच्चा।

शांतिधाम का ढांचा अधूरा, भैसों का बना ठिकाना।

सामुदायिक भवन में उगी झाडिय़ां, फैली गंदगी।

अवैध ईंट-भट्ठों के संचालन फैल रहा प्रदूषण।

गांव की गलियां कच्ची, बारिश में होगी दिक्कत

इनका कहना : स्वाश्तिक चौरे, सरपंच, नागचून पंचायत

नागचून व बड़गांव भीला के बीच सड़क निर्माण के लिए विधायक को प्रस्ताव दिया है। आवास की किस्त के लिए पत्र लिखा है। सफाई का कार्य कराएंगे। जलस्तर घटने से कुएं सूख गए हैं। नागचून स्थित कुएं से दोनों ग्रामों में जलापूर्ति कर रहे हैं।

Published on:
13 Jun 2026 12:06 pm