
खंडवा. शहरी इलाके में चोर गिरोह इतने शातिरराना अंदाज में वारदात कर रहे हैं कि जरा सी चूक हुई और घर के ताले चटक जाते हैं। पदमनगर थाना इलाके की नवकार कॉलोनी के पिछले हिस्से में बने तीन घरों को सोमवार को चोरों ने निशाना बना लिया। इनमें दो घर से तो चोरी कर ली गई जबकि तीसरे घर में चोर सफल नहीं हो सके। वारदात की खबर लगते ही थाना प्रभारी राजू पाटिल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
थाना प्रभारी पाटिल ने बताया कि नवकार कॉलोनी के पीछे रहने वाले जितेन्द्र पिता होसीलाल पवार आरैर राजेश कुमार यादव के घर चोरी हुई है। घर के ताले लगाकर जितेन्द्र अपनी पत्नी के साथ रिश्तेदारी में पुनासा गए थे। इनके घर से 38 हजार रुपए नकद, सोना, चांदी के गहने चोरी हो गए। जबकि राजेश के घर में सेंट्रल लॉक तोड़कर दाखिल हुए चोरों ने एलईडी, नल की टोटियां और कपड़े चोरी किए हैं। पड़ोस के ही एक और घर में घटना की कोशिश की गई लेकिन आरोपी कामयाब नहीं रहे। एक साथ तीन घरों में चोरों की दस्तक से इस इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने पीडि़त परिवार और जांच के वक्त मौके पर आए लोगों को जागरूक रहने की सलाह दी है।
सीसीटीवी जांच रही पुलिस
घटना स्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज पुलिस जांच रही है। आस पास के लोगों से पूछताछ हो रही है ताकि मोहल्ले में आए संदिग्ध लोगों के हुलिया के बारे में पता चल सके। पुलिस ने पुराने बदमाशों से भी पूछताछ की है, लेकिन यहां चोरी करने वालों का सुराग नहीं मिला।