खंडवा

डकैती कर स्पेशल 26 की तर्ज पर की दूसरी वारदात, जंगल में छोड़ी कार से तीन गिरफ्तार

पामाखेड़ी में किसान ललित सोलंकी के घर डकैती डालकर बॉलीवुड फिल्म ‘स्पेशल 26’ की तर्ज पर नकली इनकम टैक्स अफसर बनकर रेड डालने और करोड़ों की डकैती करने वाला गिरोह आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। धार और खंडवा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटों में गिरोह के 8 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जिसमें तीन बदमाश पामाखेड़ी में डकैती में शामिल थे। सोलंकी के घर भी दो बदमाश खाकी वर्दी में थे।

2 min read
Mar 17, 2026

12 मार्च को ललित पिता वासुदेव सोलंकी के घर सुबह करीब 6.30 बजे डकैती हुई थी। कार से आए आठ बदमाश जिसमें दो खाकी वर्दी पहने हुए थे, जिन्होंने घर में घुसकर तीन सोलंकी के मजदूर बसंत, उमेन सिंह और तोताराम के साथ मारपीट कर बंधक बनाया था। बदमाश अलमारी व लॉकर को तोड़कर उसमें रखे लगभग 1.60 लाख रुपए और एक 12 बोर की बंदूक लेकर फरार हो गए। इस मामले में आरोपियों पर दस हजार रुपए का इनाम रखा गया था। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय ने टीम को आरोपियों की तलाश में लगा दिया था।

इनकम टैक्स अफसर बनकर ठेकेदार के घर डकैती

वही दूसरे दिन धार जिले के बाग में 13 मार्च को गिरोह के सदस्य इनकम टैक्स अफसर बनकर बाग में ठेकेदार राजकुमार मालवी के घर पहुंचे। उन्होंने रेड का हवाला देकर घर में प्रवेश किया और मालवी व घर में मौजूद दो महिलाओं को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद बदमाश करीब एक करोड़ रुपए के सोने-चांदी के जेवर और करीब सवा लाख रुपए नकद लेकर काले रंग की एसयूवी से फरार हो गए। वारदात के बाद मालवी ने खिड़की से पड़ोसियों को आवाज लगाकर घटना की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू की थी।

जंगल में मिली कार से मिला सुराग

दो डकैती की वारदात के बाद खंडवा और धार पुलिस संयुक्त रूप से बदमाशों की घेराबंदी कर रही थी। इधर बदमाशों ने पकड़े जाने के डर से धार के पास जंगल में एसयूवी कार छोड़ दी। पुलिस सर्च करते हुए इस कार तक पहुंच गई थी। यही से आरोपियों का सुराग मिला। कार की पड़ताल करने में वाहन मालिक शहजाद पिता रोशन खान (35) निवासी ग्राम बिरगोद, थाना बेरछा जिला शाजापुर का पता चला। इसके बाद एक-एक कर सभी 8 बदमाशों तक पुलिस पहुंची।

तीन आरोपी गिरफ्तार, शेष फरार आरोपियों की तलाश

पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि ललित सोलंकी के यहां डकैती के मामले में अब्दुल गफ्फार खान उर्फ राजा पिता अब्दुल हमीद खान (32) निवासी नागझरी सांवेर सोनकच्छ|, डॉ. शहजाद पिता रोशन खान, उम्र (35) निवासी बेरछा मंडी और नरसिंह पिता बलिया बघेल(35) वर्ष निवासी 115 ओम साईं बिहार जिला देवास, स्थाई पता ग्राम भगवा पोस्ट तहसील डही जिला धार को गिरफ्तार किया है। शेष फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इनकी रही विशेष भुमिका

निरीक्षक विकास खिची थाना प्रभारी नर्मदानगर, निरीक्षक राजेंद्र नरवरिया थाना प्रभारी मूंदी, एसआइ राजू पाटील, हुकूम चौधरी, एएसआइ महेश श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक रफीक खान, महेंद्र वर्मा, जितेंद्र डोंडे, दिगंबर पाटील, आरक्षक रवि पांडे, दीपेश, नन्हीलाल गुर्जर, पुरुषोत्तम, अनिल बछाने व साइबर सेल के प्रधान आरक्षक जितेंद्र राठौर और विक्रम वर्मा की सराहनीय भूमिका रही है।


Updated on:
17 Mar 2026 12:16 pm
Published on:
17 Mar 2026 12:11 pm
Also Read
View All

अगली खबर