
Unique Tiranga Yatra : प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल 'हर घर तिरंगा' अभियान का असर इस बार स्वतंत्रता दिवस से पहले नजर आने लगा है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के खंडवा में 'लहरों के राजा' नाम के ग्रुप ने तेज बारिश के बीच तिंरगा यात्रा निकालकर देशभक्ति का अनोखा संदेश दिया है। हर साल 15 अगस्त के मौके पर बीच नदी के पानी में तैरते हुए हाथों में तिरंगा लिए देशभक्ति का संदेश देते हैं। नदी के पानी में तिरंगा यात्रा निकालने का उद्देश्य ये है कि देशभक्ति के साथ लोगों की सेहत भी बनी रहे। ये अनोखी तिरंगा यात्रा देशभर में अपने आप में एक अनोखी मिसाल है। यात्रा की सबसे बड़ी विशेषता ये है कि इसमें हिंदू, मुस्लिम, सिख, इसाई यानी धर्मों के लोग शामिल हुए हैं।
देश की आजादी का अमृत महोत्सव के तहत सरकार ने देशवासियों से 'हर घर तिरंगा अभियान' चलाने का आह्वान किया है। खंडवा में अभियान को अनोखा रंग देखने को मिला है। तैराक युवाओं के समूह ने अभियान के तहत नदी में तिरंगा लहराकर आजादी का जश्न मनाया। यही नहीं तैराकी करते हुए ये युवा भारत माता की जय के नारे लगाते हुए नदी के बीचो-बीच पहुंच गए। इस दौरान आबना नदी का दृश्य देखने वाले भी बड़ी संख्या में इकट्ठे हो गए। तैराक युवाओं ने बीच पानी में तिरंगे झंडे को फहराकर सलामी दी।
बता दें कि पीएम नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में 'हर घर तिरंगा अभियान' शुरु किया गया है। इसी अभियान के तहत एमपी के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य के 1.5 करोड़ परिवारों से तिरंगा लगाने की अपील की है। प्रदेश में भाजपा 11 अगस्त से हर घर तिरंगा अभियान चला रही है। ऐसे में हर विधानसभा में यात्राएं निकाली जा रही हैं। निर्धारित टारगेट के तहत डेढ़ करोड़ घरों में तिरंगा फहराने की व्यवस्था की जा रही है। अभियान को सफल बनाने में भाजपा खुद 50 लाख झंडे बांट रही है। आज के साथ साथ 12 और 13 अगस्त को भी विधानसभावार युवा मोर्चा तिरंगा यात्रा निकालेंगे। बीजेपी 14 अगस्त को भारत विभाजन विभीषिका दिवस भी मनाएगी। इस दौरान विशेष प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी।