-सूरजकुंड क्षेत्र से रेलवे द्वारा हटाए अतिक्रमण को लेकर क्षेत्रवासियों के साथ पहुंचे -नप्ती के बाद नियमानुसार नोटिस की कार्रवाई पर माने, शाम को शुरू हुई नप्ती
रेलवे द्वारा अपनी जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। सूरजकुंड में सोमवार को हटाए गए अतिक्रमणों के विरोध में मंगलवार बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी जनसुनवाई में पहुंचे। यहां अतिक्रमणकारियों का नेतृत्व कर रहे निगम नेता प्रतिपक्ष दीपक मुल्लू राठौर ने अपनी बात रखने अनोखा प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट गेट पर बैठकर भजन गए और यहां से घुटनों के बल चलते हुए अधिकारियों के सामने पहुंचे। मुल्लू राठौर ने कहा जनता घुटनों पर आ गई है अब तक बचा लो।
मामला यह है कि रेलवे द्वारा सूरजकुंड क्षेत्र से करीब 200 अतिक्रमण हटाए जाने है। सोमवार को यहां 16-17 अतिक्रमण हटाने के बाद लोगों के विरोध और नेता प्रतिपक्ष द्वारा एसडीएम से मांगे गए समय के बाद कार्रवाई रोकना पड़ी थी। मंगलवार को पूरे अतिक्रमणकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और जमकर हंगामा किया। मुल्लू राठौर का कहना था कि नियमानुसार अवैध कब्जे को हटाने के लिए भी नोटिस देना पड़ता है। यहां बिना नोटिस के ही कार्रवाई हो रही है। जमीन नजुल की है, निगम ने रोड, नाली बनाई और संपत्तिकर, जलकर भी वसूल रही है। फिर जमीन रेलवे की कैसे हो गई। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि शाम को यहां नप्ती कराई जाएगी। जिसके बाद हंगामा खत्म हुआ।
सिटी मजिस्ट्रेट ने कराई नप्ती
मंगलवार शाम सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर, निगम अधिकारी और राजस्व अधिकारी सूरजकुंड क्षेत्र पहुंचे। यहां जमीन की नप्ती शुरू की गई। इस दौरान रेलवे के अधिकारी भी यहां पहुंच गए। यहां मौजूद नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौर ने कहा कि नाले के पार की जमीन है, जिस पर रेलवे अपना अधिकार जमा रहा है। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि नोटिस देकर ही कार्रवाई हो रही है। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने रेलवे अधिकारियों से नोटिस की कॉपी भी मांगी। लोगों ने कहा कि यदि रेलवे की भी जमीन निकलती है तो नियमानुसार 60 दिन का नोटिस देने के बाद कार्रवाई हो।
प्राचार्य सरकारी जमीन को नीलाम कर करवा रहे खेती
बीड़ हायर सेकेंड्री स्कूल के प्राचाय सरकारी भूमि को नीलाम कर वहा खेती करवा रहे है। यह शिकायत मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचे बीड़ वासियों ने कलेक्टर ऋषव गुप्ता से की। कलेक्टर ने इस मामले में तहसीलदार मूंदी से मामले की जांच कर समय सीमा में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। वहीं, छैगांवमाखन विकासखंड के ग्राम कैसून के ग्रामीणों ने गांव में जल संकट को लेकर शिकायत की। कलेक्टर ने पीएचई ईई को समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए।
स्मार्ट सिटी में जल संकट
संतोषी माता वार्ड स्थित स्मार्ट सिटी सी-ब्लॉक कॉलोनी के निवासियों ने कलेक्टर को आवेदन देकर बताया कि उनकी कॉलोनी में पेयजल समस्या हो रही है। अत: कॉलोनी के नलों को पानी की नई टंकी से जोडकऱ पेयजल प्रदाय करने की व्यवस्था की जाए। कलेक्टर ने निगमायुक्त को कॉलोनी वासियों की पेयजल समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, अपर कलेक्टर अरविंद चौहान एवं केआर बड़ोले सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद थे।
जनसुनवाई में हरसूद निवासी लताबाई ने आवेदन देकर बताया कि उसकी अनुकंपा नियुक्ति कृषि उपज मंडी समिति नया हरसूद में भृत्य के पद पर हुई थी, लेकिन सेवा पुस्तिका में जन्म तिथि गलत दर्ज है, जिसे उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर सुधरवाया जाए। जनसुनवाई में वार्ड 5 में स्थित साईं बाबा हाउसिंग कॉलोनी के निवासियों ने कलेक्टर को आवेदन देकर बताया कि कॉलोनाइजर द्वारा कॉलोनी में विकास कार्य नहीं कराए गए हैं। कलेक्टर ने निगमायाुक्त को मौका निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।