कालमुखी पहुंची विकास यात्रा
मोहना. कालमुखी क्षेत्र में विकास यात्रा का जोरदार स्वागत हुआ। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने उसे अवगत करवाने के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विधायकों के नेतृत्व में विकास यात्रा निकाली जा रही है। इसी क्रम में खंडवा विधानसभा की विकास यात्रा 18 फरवरी को विधायक देवेंद्र वर्मा के नेतृत्व में कालमुखी क्षेत्र में पहुंची। सरपंच मनीषा वर्मा मंडल, अध्यक्ष गोविंद वर्मा एवं पंकज गुप्ता के नेतृत्व में विकास यात्रा का ढोल बाजे आदिवासी नृत्य से स्वागत किया गया। ग्राम में भ्रमण करने के पश्चात बस स्टैंड पर सभा में संबोधित करते हुए विधायक देवेंद्र वर्मा ने कहा कि शासन द्वारा जनकल्याण की अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं जिसके लाभ जनता को प्राप्त हो रहे हैं। जो कार्य शेष हैं उन्हें पूरा किया जा रहा है।
प्रमाण पत्र बांटे : विधायक ने लाडली लक्ष्मी योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, कृषि एवं कल्याण की योजना, डेयरी एवं पशुपालन विभाग के हितग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस मौके पर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री कैलाश पाटीदार, अमरपुरा मंडल अध्यक्ष भानु सिंह पटेल, थाई बॉक्सिंग एसो. की ब्रांड एंबेसडर आराधना सिंह सोलंकी, मातपुर सरपंच शंकर सिंह तोमर, अमोदा सरपंच रमेश सोलंकी पिपलिया सरपंच नारायण भाई चंद्रप्रकाश पंवार उपस्थित थे।
शिक्षकों की पूर्ति की जाए
हायर सेकेंडरी स्कूल के शिक्षक पालक संघ अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह गुर्जर ने स्कूल में विषय वार शिक्षकों की पूर्ति कालमुखी में कृषि संकाय प्रारंभ करने एवं नए भवन के लिए आवेदन पत्र दिया। कालमुखी के निवासियों ने शिव मंदिर निर्माण की मांग रखी जिसे विधायक निधि से शीघ्र करवाने का आश्वासन वर्मा ने दिया।
पुल का भूमिपूजन
कालमुखी के साप्ताहिक हाट बाजार स्थल एवं कन्या शाला जाने के मार्ग पर स्थित नाले पर पुल बनाने के लिए भूमि पूजन किया । स्कूली छात्र छात्राओं द्वारा आदिवासी नृत्य शिव शक्ति तथा स्वच्छता पर आधारित नृत्य नाटिका ने सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। कालमुखी की बालिकाओं स्वागत किया गांव में प्रधानमंत्री आवास मकानों का शुभारंभ किया।