
खंडवा : एमपी पीएससी एग्जाम के बाद सामग्री के लिए जद्दो जहद
राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा में 1164 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 1550 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। इस बार करेंट अफेयर्स में एमपी के कई प्रश्न पूछे गए। कुछ प्रश्नों ने अभ्यर्थियों को खूब छकाया। अपर कलेक्टर ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण रही।
राज्य सेवा एवं राज्य वन आयोग सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 रविवार को 42.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच आयोजित हुई। पांच परीक्षा केंद्रों पर 1550 अभ्यर्थियों में से 1164 ही परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 386 अनुपस्थित रहे। भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से परीक्षार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दूसरी पाली में भी 18 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
अपर कलेक्टर केआरबडोले ने बताया कि एमपी पीएससी की यह परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा सामग्री को कोषालय में सील कर दिया गया है, जिसे कड़ी सुरक्षा के बीच 27 अप्रैल को आयोग को भेजा जाएगा।
परीक्षा प्रश्न पत्र को लेकर परीक्षार्थियों की मिली-जुली प्रतिक्रिया रही। विशेषज्ञों के अनुसार, प्रश्न पत्र न तो बहुत कठिन था और न ही बहुत आसान। इसमें स्टैटिक्स विषयों और करेंट अफेयर्स का संतुलित मिश्रण देखने को मिला, जिसमें मध्य प्रदेश से जुडे़ तथ्यात्मक प्रश्नों पर अधिक जोर दिया गया था।
एसएन कॉलेज के परिसर में पहली पाली के बाद कुछ महिला अभ्यर्थी प्रश्नों पर चर्चा कर रही थीं। उन्होंने बताया कि जीएस पेपर एक में 70-80 प्रश्न अच्छे थे, हालांकि कुछ प्रश्न उलझाने वाले थे, जिन्हें हल करने में काफी माथापच्ची करनी पड़ी।
परीक्षार्थी चेतन पवार ने कहा कि गर्मी ने परीक्षा को और कठिन बना दिया था। प्रश्न पत्र संतुलित था, लेकिन कई सवाल उलझाने वाले थे।
खुशबू सोनी ने बताया कि पेपर न बहुत कठिन था और न ही आसान। करेंट अफेयर्स और मध्य प्रदेश से जुड़े प्रश्नों ने तैयारी में मदद की, जिससे परीक्षा में अधिक दिक्कत नहीं हुई।
Published on:
27 Apr 2026 11:36 am
बड़ी खबरें
View Allखंडवा
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
