खंडवा

रॉक गार्डन की तरह यहां भी वेस्ट से बनाएंगे बेस्ट

ये होगा सबसे बड़ा पाक... उम्दा गार्डन तैयार करने पर शुरू हुआ है काम, कबाड़, जमीन के इस्तेमाल का खाका हुआ तय, अब होगी आगे की प्रक्रिया।

2 min read
Nov 14, 2019
will build park here like rock garden chandigarh

खंडवा. रॉक गार्डन ऑफ चंडीगढ़ की तर्ज पर यहां भी वेस्ट से बेस्ट बनाकर एक उम्दा गार्डन तैयार करने पर काम शुरू हुआ है। सोच बड़ी है लेकिन ये काम जीरो बजट पर होना है।

शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय और जल संसाधन विभाग के पीछे वन विभाग के आधिपत्य वाले क्षेत्र से लगी करीब 35 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। कलेक्टर तन्वी सुन्द्रियाल के खंडवा से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट्स में से ये एक है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), जल संसाधन विभाग (डब्ल्यूआरडी) और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) जैसे विभागों में वर्षों से जमा कबाड़ का इसमें इस्तेमाल किए जाने की सोच है। नगर निगम और संगीत एवं ललितकला कॉलेज की टीम को साथ में जोड़कर प्राथमिक स्तर का काम शुरू भी करा दिया गया है। चरणबद्ध तरीके से इस पार्क को विकसित किए जाने की कार्ययोजना बनाई गई है।

फैक्ट फाइल
35 एकड़ जमीन चिह्नांकित की
जीरो बजट पर गार्डन संवारने का लक्ष्य
05 एकड़ में पहले चरण का विकास करेंगे

ऐसा है रॉक गार्डन ऑफ चंडीगढ़
रॉक गार्डन ऑफ चंडीगढ़ एक शिल्पकृत गार्डन है। ये मुख्य रूप से नेकचंद सैनी गार्डन के नाम से भी जाना जाता है। पूर्व में यह इतना बड़ा नहीं था, लेकिन वर्तमान में यह करीब 40 एकड़ में विस्तृत है। यह सुखना झील के निकट स्थित है। यह उद्यान कूड़े-कर्कट जैसे सिरामिक, प्लास्टिक बोतलों, पुरानी चूडिय़ों तथा टाइल्स व अन्य से बनाया गया है।

विभागों में जमा कबाड़ का उपयोग
यहां पार्क विकसित करने के लिए पीडब्ल्यूडी, पीएचई व डब्ल्यूआरडी जैसे विभागों में जमा कबाड़ का उपयोग किया जाएगा। इससे बच्चों व बड़ों के झूले व आर्च बनाए जाएंगे। साथ ही इंटरनेट से डिजाइन खोज कर पार्क को आकर्षक बनाए जाने पर काम जाने की सोच है। ये सबकुछ जीरो बजट पर किए जाने की रणनीति बनाई गई है।

ये भी जानिए...
- इस प्रोजेक्ट के साथ जुडऩे के लिए ऐसे लोगों को खोजा जा रहा है जिनका दिमाग कबाड़ से कुछ बेहतर करने पर चलता हो।
- वेल्डर, कटर और पेंटर भी ऐसे साथ में जोडऩे की कवायद है, जो इस प्रोजेक्ट में अपनी कलाकार से उत्कृष्ट कर पाने की सोच रखते हों।
- पार्क में हरियाली के लिए पौधे या अन्य तरह की सहायता देने वालों को भी वेस्ट से बेस्ट बनाए जाने के इस प्रोजेक्ट से जोड़ेंगे।

- जमीन व कबाड़ कर लिया चिह्नित
वेस्ट से बेस्ट की थीम पर पार्क तैयार करने के लिए जमीन व कबाड़ चिह्नित कर लिया गया है। हमने आर्ट कॉलेज की टीम को साथ में जोड़ा है। वेल्डर, कटर व पेंटर की मदद से इसमें काम कराएंगे। पहले चरण में पांच एकड़ क्षेत्र को लेंगे। हम देखेंगे कि ये हो पाएगा या नहीं, अगर सफल हुए तो फिर आगे बढ़ेंगे।
तन्वी सुन्द्रियाल, कलेक्टर

Published on:
14 Nov 2019 05:07 pm
Also Read
View All