
लाडली लक्ष्मी योजना के तहत बेटियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। योजना के तहत अब तक एक लाख से अधिक बेटियों का पंजीयन हो चुका है। इसमें से कक्षा 6 वीं में प्रवेश होते ही प्रोत्साहन राशि दो हजार रुपए मिलती है।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 में स्कूल और कॉलेजों में प्रवेश के दौरान पात्र छात्राओं के आवेदनों का सत्यापन किया जा रहा है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब तक 4043 बेटियों के खातों में ऑनलाइन प्रोत्साहन राशि जारी की जा चुकी है। इनमें कक्षा 6 वीं से 12 वीं तक अध्ययनरत छात्राओं के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही पात्र छात्राएं शामिल हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत पंजीकृत बालिकाओं को कक्षा 6 वीं से ही प्रोत्साहन राशि का लाभ मिलना शुरू हो जाता है। बीते वर्ष जिले की करीब 11 हजार बेटियों को योजना का लाभ मिला था। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में छात्राओं के आवेदन स्कूल एवं कॉलेज स्तर पर सत्यापित किए जा रहे हैं, ताकि पात्र बालिकाओं को समय पर राशि उपलब्ध कराई जा सके।
योजना का एक महत्वपूर्ण चरण जनवरी 2027 में आएगा, जब योजना में पंजीकृत 500 से अधिक बेटियां 21 वर्ष की आयु पूरी कर लेंगी। पात्रता की सभी शर्तें पूरी करने वाली इन बेटियों को योजना के तहत अंतिम किश्त के रूप में 1 लाख रुपए की राशि प्रदान की जाएगी। महिला एवं बाल विकास विभाग के पास इसके लिए आवेदन भी प्राप्त हो चुके हैं, जिनका परीक्षण किया जा रहा है।
उत्कृष्ट विद्यालय खंडवा में भी लाडली लक्ष्मी योजना के तहत 20 से अधिक छात्राओं के आवेदनों का सत्यापन पूरा हो चुका है। विद्यालय के प्राचार्य भूपेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि पात्र छात्राओं के दस्तावेजों का नियमानुसार सत्यापन कर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
बालिका का जन्म 1 जनवरी 2006 या उसके बाद हुआ हो।
माता-पिता मध्यप्रदेश के स्थायी निवासी हों।
बालिका का नाम आंगनवाड़ी केंद्र में दर्ज होना अनिवार्य है।
पहली संतान बालिका होने पर बिना किसी अतिरिक्त शर्त के लाभ मिलेगा।
दूसरी संतान भी बालिका होने पर परिवार नियोजन की शर्त लागू होगी।
एक परिवार की अधिकतम दो बेटियों को योजना का लाभ मिलेगा।
पढ़ाई बीच में छोड़ने पर योजना का लाभ बंद किया जा सकता है।
कक्षा 6 वीं में प्रवेश पर 2,000 रुपए, कक्षा 9 वीं में 4,000 रुपए, कक्षा 11वीं एवं 12 वीं में 6- हजार की छात्रवृत्ति दी जाती है। कक्षा 12 वीं के बाद स्नातक या न्यूनतम दो वर्षीय व्यावसायिक पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने पर 25,000 रुपए की प्रोत्साहन राशि मिलती है। वहीं 21 वर्ष की आयु पूर्ण होने और निर्धारित शर्तें पूरी होने पर 1 लाख का अंतिम भुगतान किया जाता है।
लाडली लक्ष्मी योजना में पात्र बेटियों को प्रोत्साहन राशि का लाभ शासन से दिया जा रहा है। स्कूल व कॉलेजों में आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। जिनके आवेदन आनलाइन पूरी हो जाते हैं। पात्रता के उन्हें शासन स्तर पर ऑनलाइन राशि हो जाती है।