
शहर के खानशाहवली कालोनी के मुख्य चौराहे पर युनानी डॉक्टर एचएन खान का क्लीनिक है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम डॉक्टर के क्लीनिक पर पहुंची। डॉ. अतुल माने और एएसओ मेहबूब खान ने डॉक्टर से उनकी डिग्री के संबंध में पूछताछ की, उन्होंने बताया कि वे युनानी पद्धति से इलाज करते हैं। इसके बाद क्लीनिक संचालक को लेकर दस्तावेज भी टीम ने देखे।
क्लीनिक पर मरीजों की भीड़ देख टीम डॉ. माने और एएसओ खान ने उनसे भी पूछताछ की। उनके पास डॉक्टर खान की लिखी हुई दवाओं की पर्ची मिली, जिस पर एक भी दवा युनानी पद्धति की नहीं थी सभी दवाऐं एलोपैथी पद्धति की थी। इस तरह की पांच से अधिक पर्चियां मौके पर मरीजों के पास मिली।
डॉक्टर को नोटिस देने के निर्देश, दोबारा जांच करने पर सील होगा क्लीनिक
इस दौरान टीम का नेतृत्व कर रहे सीएमएचओ डॉ. ओपी जुगतावत ने युनानी डॉक्टर खान से पूछताछ की। उन्होंने कहा कि जिस पद्धति के डॉक्टर हो वही इलाज करो, एलोपैथी पद्धति से अब उपचार करते हुए मिले तो क्लीनिक सील कर दिया जाएगा। इसके बाद सीएमएचओ जुगतावत ने एएसओ महबूब खान को युनानी डॉक्टर को नोटिस देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कहा की दोबारा आकर क्लीनिक चेक करना। अगर गैर पद्धति से उपचार करते हुए मिले तो कार्रवाई कर देना।
सीएमएचओ डॉ. जुगतावत ने कहा कि गैर पद्धति से इलाज करने वाले डॉक्टरों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए शीघ्र ही टीम गठित कर अपनी पद्धति छोड़ एलोपैथी पद्धति से उपचार करने वाले डॉक्टरों की जांच करवाई जाएगी। मौके पर गलत पाए जाने पर क्लीनिक सील करने की कार्रवाई करेंगे।