
खरगोन.
जिले में मानसून के सक्रिय होने के बाद जोरदार बारिश का दौर जारी है। गुरुवार शाम करीब 5 बजे काले घने बादल उमड़-घुमड़कर खूब बरसे। पहाड़ी क्षेत्र में तेज बारिश होने से झिरन्या से होकर गुजर रही रूपारेल नदी में अचानक बाढ़ आ गई। इसके चलते नगर के समीप पुलिया उसमें डूब गई। पुलिया से तीन से चार फीट पानी ऊपर बहने लगा। इससे मार्ग झिरन्या व्हाया रतनपुर खंडवा मार्ग अवरुद्ध हो गया और पुलिया के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। इनमें छोटे-बड़े वाहनोंं के साथ यात्री बसें भी शामिल थी। जिसके चलते यात्री परश्ेाान हुए। शाम करीब साढ़े 7 बजे तक पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा था। इसके चलते मार्ग पर यातायात चालू नहीं हो सका। नदी में आए उफान को देखने के लिए लोगों की भीड़ किनारे पर जुट गई।
अच्छी बारिश से खुश किसान, शुरू हुई बोवनी
झिरन्या के अलावा भगवानपुरा और सेगांव क्षेत्र में भी अच्छी बारिश से किसानों में अपार खुशी है। इसके बाद क्षेत्र में खरीफ फसलोंं की बोवनी भी जोर-शारे से शुरू हो गई है। जिले में इस साल करीब चार लाख हेक्टेयर में कपास, सोयाबीन, मक्का सहित अन्य फसलें बोई जाना है।
लगातार बारिश से मौसम हुआ सुहाना
जिले में लागातार बारिश से मौसम भी सुहाना हो गया है। हालांकि जिला मुख्यालय पर अब भी लंबे दौर की तेज बारिश का इंतजार है। यहां अभी औसत से कम बारिश हुई है। गुरुवार को काले बादलों ने शहर को चारों तरफ से घेर लिया था। लेकिन यह बिन बरसे ही लौट गए।