ऊन थाना क्षेत्र के ग्राम तलकपुरा की घटना, मृतक की मां और भाई पगड़ी के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे बाहर
खरगोन. जिला मुख्यालय से करीब 25 किमी दूर ग्राम तलकपुरा में एक दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां गुरुवार को शादीशुदा जोड़े ने घर के अंदर फांसी लगा आत्महत्या कर ली। घटना गुरुवार दोपहर 3 से 4 बजे के बीच की है। जिसकी सूचना पर ऊन पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाकर शवों को पीएम के लिए अस्पताल भेजा। शाम को पीएम हुआ। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक अभिषेक पिता दीवान (20) और पत्नी अंजलि (18) के शव तलकपुरा में घर के अंदर एक ही रस्सी के सहारे फंदे पर लटकते हुए देखे गए। फंदा लगाने के लिए झूले की रस्सी का इस्तेमाल किया। दोनों ने आठ महीने पूर्व प्रेम विवाह किया था। घटना के वक्त दोनों घर पर अकेले थे। जबकि मृतक अभिषेक का भाई और मां एक रिश्तेदार के यहां पगड़ी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। घर पर बीमार पिता थे। दोनों पति-पत्नी इंदौर में रह रहे थे। मृतक अभिषेक बस पर कंडक्टरी करता था। अंजलि ने पढ़ाई के लिए प्राइवेट फॉर्म भर रखा था। ग्रामीणों के मुताबिक करीब चार-पांच दिन पहले ही दोनों इंदौर से अपने गांव आए थे। गुरुवार को दोपहर तक सामान्य व्यवहार था। कियोस्क सेंटर से एक हजार रुपए भी निकाले। बाद में अचानक दोनों ने साथ में आत्महत्या कर ली। इससे ग्रामीण चौंक से गए। आत्महत्या की खबर लड़की के परिवार को दी गई, तो उन्होंने आने से मना कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही खरगोन से एसडीओपी राकेश मोहन शुक्ला और ऊन टीआई गीता सोलंकी घटनास्थल पर पहुंचे। जिन्होंने बारीकी से जांच की। एसडीओपी ने बताया कि मामला आत्महत्या का लग रहा है। बाकी तथ्य जांच के बाद मालूम होंगे। मौके से किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है। मोबाइल मिला है। जिसकी जांच करा रहे हैं।
इधर, आंगनवाड़ी सहायिका की जलने से मौत, मायके पक्ष को हत्या की आशंका
सनावद. शहर के रेलवे स्टेशन के नजदीक पाल मोहल्ले में आंगनवाड़ी सहायिका की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई है। उसका शव घर के पीछे गली में मिला। महिला 90 प्रतिशत जल गई थी। मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू की है।
जानकारी के अनुसार पाल मोहल्ले में रहने वाली आंगनवाड़ी सहायिका रानी यादव (50) का जला हुआ शव घर के पीछे गली में मिला। पुलिस ने परिवार एवं आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए। मृतका के भाई सोनू यादव ने बताया बहन परिवार में सबसे बड़ी थी। वह आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती। परिवार ने हत्या की आशंका जताई है। फॉरेंसिक अधिकारी सुनील मकवाना ने बताया पीएम रिपोर्ट के बाद हकीकत सामने आएगी। घटना स्थल पर करीब डेढ़़ घंटे एफएसएल अधिकारी एवं टीम मौका मुआयना करती रही। कर शव को पीएम के लिए सिविल अस्पताल भेजा। डॉ यशवंत इंगले, डॉ इम्तियाज कुरैशी ने बताया 90 प्रतिशत जलने की वजह से मौत हुई है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही सही जानकारी मिलेगी। उधर, पुलिस परिवार के बयान दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है।