प्रभारी मंत्री सज्जन वर्मा, गृहमंत्री बाला बच्चन, स्वास्थ्य मंत्री साधौ, कृषि मंत्री सचिन यादव व विधायकों ने भरा कार्यकर्ताओं में जोशभाजपा के पूर्व विधायक की होटल में कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन, दिखाई एकजुटता
खरगोन. टिकट वितरण में मनमुटाव की अटकलों पर गुरुवार को खरगोन व बड़वानी क्षेत्र के कार्यकर्ता एक जाजम पर बैठे। जिले के प्रभारी मंत्री सज्जनसिंह वर्मा, संस्कृति विभाग, चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ, गृहमंत्री बाला बच्चन, कृषिमंत्री सचिन यादव व खरगोन-बड़वानी के विधायकों ने कार्यकर्ताओं से कहा- विधानसभा में कुछ लोग गफलत (बगावत) में आए थे। वे परिणाम बाद उलझ गए। अब लोकसभा चुनाव में उन्हें फिर मौका मिला है। वे एकजुटता दिखाएं और पूरी ताकत से मैदान संभाल लें। वरिष्ठों ने यह भी स्पष्ट किया कि टिकट को लेकर कोई मतभेद नहीं है। उम्मीदवार तय होने से पहले जरूर कुछ लोग एक्सरसाइज कर रहे थे, लेकिन अब सब एकसूत्र में हैं। कांगे्रस कार्यकर्ताओं की यह बैठक पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष बाबूलाल महाजन की होटल में रखी गई। इस बात को लेकर भी दबी जुबान खूब चर्चाएं चली। प्रभारी मंत्री ने भाजपा पर निशाना साधा और खूब बरसे। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा-भाजपा के पास पुराने मुद्दे ही हैं। एक बार फिर वे राम मंदिर मुद्दे को लेकर चुनावी रण में उतरे हैं। लेकिन भाजपा का बोरिया-बिस्तर बांधने के लिए पार्टी ने बूथ स्तर तक तैयारी की है। उन्होंने यह भी कहा- कि बड़े नेता की ओर मत देखना। कई आएंगे कई जाएंगे। उन्होंने अपने मन की बात सुनाई है आप अपने मन का करना। सही सरकार चुनना।
मैं को छोडक़र हम को अपनाना होगा
गृहमंत्री बाला बच्चन ने कहा- खुद की जय-जयकार में ही कांग्रेस पिछड़ी है। अब हमें मैं को छोडक़र हम को अपनाना होगा, तभी एकजुट रह सकते हैं। विधानसभा चुनाव ट्रेलर था, लोकसभा चुनाव में आपकी मेहनत पर फिल्म बनेगी।
मामा के बाद अब नाना की बारी
पर्यवेक्षक हिम्मत पटेल ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा- विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं ने मामा को घर भेजा अब नाना की बारी है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष व भीकनगांव विधायक झूमा सोलंकी ने कहा- चौकीदार कुछ भी बोले, बातों में विश्वास मत करना।
डॉक्टर करेंगे सर्जरी, ऑपरेशन
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ ने हिंदी-निमाड़ी बोली में अपने ही अंदाज में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा- पेशे से मैं भी डॉक्टर हंू और हमारा उम्मीदवार भी डॉक्टर है। हम सर्जरी, ऑपरेशन करना जानते हैं। अब राजनीति में भी विरोधियों की गलत नीतियों का ऑपरेशन करेंगे।
कोई पूछे कर्जमाफी के बारे में तो तुम 15 लाख का हिसाब मांग लेना
कृषि मंत्री सचिन यादव ने कहा- भाजपा इस चुनाव में झूठा प्रचार प्रसार कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बताया कि यदि गांव में भाजपाई कर्जमाफी के बारे में पूछे तो उसे आंकड़े बताना और 15 लाख रुपए किसके खाते में डाले इसका हिसाब पूछ लेना।
बड़वानी जिलाध्यक्ष की सफाई : यहां कोई झगड़ा नहीं
बड़वानी जिलाध्यक्ष वीरेंद्र दरबार ने कहा- टिकट वितरण को लेकर बड़वानी में कोई झगड़ा नहीं है। हां जब तक टिकट नहीं हुआ था तब तक कुछ लोगों ने दावेदारी जताई थी। अब यह लड़ाई मिट गई है।
अलग-अलग कमरों में चली बैठकें, असंतुष्टों को साधने का प्रयास!
कार्यकर्ता सम्मेलन के पहले होटल के अलग-अलग कमरों में मंत्रियों, विधायकों के साथ कार्यकर्ताओं की गोपनीय चर्चा भी हुई। जानकारी के मुताबिक इस चर्चा में असंतुष्टों को साधने का प्लान बनाया गया। हालांकि सम्मेलन में खुलकर विरोध सामने नहीं आया।
उत्खनन पर बोले प्रभारी मंत्री, सरकार सजग, कार्रवाई करेंगे
अपराजेय योद्धा बाजीराव पेशवा के समाधि स्थल रावेरखेड़ी में हो रहे अवैध उत्खनन पर प्रभारी मंत्री ने कहा- यह पूर्व की भाजपा की देन है। इसे लेकर हमारी सरकार सजग है। कलेक्टर को निर्देश दिए हैं, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।