खरगोन

पीएम आवास के लिए निकाली लॉटरी में आवंटन से हंगामा, कुछ देर रोकी कार्रवाई

हंगामेदार स्थिति के बाद रोका आवंटन, समझाइश के लिए नपाध्यक्ष के चैंबर में जमा हुए
2 min read
• •
Updated: 1 Sep 2018, 1:25 AM IST
patrika news
patrika news

खरगोन. पीएम आवास में ईडब्ल्यूएस के मकानों का आवंटन शुक्रवार दोपहर करीब 2.3० बजे नगरपालिका टाउनहॉल में रखा गया। यहां लॉटरी सिस्टम से फ्लैट बांटने की कार्रवाई नगरपालिका अफसरों ने शुरू की। शुरुआती दौर में तो सब शांत चलता रहा, लेकिन बाद में कुछ लोगों ने अफसरों पर मकान देने में मनमानी के आरोप लगाए। जमकर हंगामा किया। बढ़ते विरोध को देखते हुए अफसरों को लॉटरी सिस्टम कुछ देर के लिए रोकना पड़़ा। सभी नगरपालिका अध्यक्ष विपिन गौर के चैंबर में पहुंचे। यहां बंद कमरे में बीच का रास्ता निकालने पर देर तक मंथन चला।

नगरपालिका टाउनहॉल में दोपहर 2.3० बजे टेमला रोड स्थित बने पीएम आवास की ईडब्लयूएस मकानों का आवंटन शुरू हुआ। नगरपालिका के उपयंत्री पीएस धार्वे व अन्य अफसरों ने लॉटरी सिस्टम से आवास बांटने की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान कुछ हितग्राही इस सिस्टम से नाराज हो गए। उन्होंने आवास बांटने में मनमानी के आरोप लगाए। तालाब चौक निवासी प्रवीण हेमराज चौहान ने बताया उन्होंने 25 हजार देकर मार्च में पंजीयन कराया। दामखेड़ा कॉलोनी में भवन की मांग पर सीएम हेल्पलाईन में शिकायत भी की। चौहान ने बताया उपयंत्री धार्वे ने उक्त मामले में समझाइश के बाद उन्हें टेमला रोड पर मकान देने की बात कही। नई लिस्ट अपडेट की। लेकिन चौहान ने विरोध दर्ज कराते हुए कह यह आवास योजना गरीबों के लिए हैं, लेकिन इसका लाभ प्रभावी लोगों को दिया जा रहा है। उन्होंने प्राइम लोकेशन अपने लोगों में बांटने के भी आरोप लगाए। आनंद नगर के संजय मंशाराम सेलवाने ने बताया एक साल से पंजीयन कराया है। एक बार भी उन्हें लॉटरी की सूचना नहीं दी गई। शुक्रवार को भी वह मुनादी सुनकर नगरपालिका पहुंचे। सलीम करीम खान ने कहा उन्हें भी लॉटरी की सूचना नहीं मिली थी।

पार्षदों के आरोप नहीं दी जाती सूचना
कांग्रेस पार्षद अलताफ आजाद, सलीम सदर, पार्षद प्रतिनिधि वारिस चौबे ने भी सूचना न देने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा- मुनादी सुनकर वे भी यहां पहुंचे। सभी ने देरी से आवंटन में अनियिमतता एवं मनमजी का आरोप लगाया।

रोकी कार्रवाई, अध्यक्ष के चैंबर में पहुंचे
टाउनहॉल में बढ़ता हंगामा देख अफसरों ने लॉटरी सिस्टम को बीच में ही रोकना पड़ा और सभी अध्यक्ष विपिन गौर के चैंबर में पहुंचे। यहां पार्षदों व अफसरों ने अपना-अपना पक्ष अध्यक्ष के सामने रखा। बंद कमरे में देर तक चर्चा होती रही। हालांकि नीचे हॉल में हंगामे बाद लॉटरी सिस्टम को फिर से शुरू किया गया।

यहां फंसा पेंच, धर्म विशेष के 7० हितग्राहियों ने मांगे तीन ब्लॉक
प्राप्त जानकारी के अनुसार धर्म विशेष के करीब 7० हितग्राहियों को सेंट्रल जेल के सामने बनी मल्टी में मकान देने की बात कही गई। इस पर उन हितग्राहियों ने आपत्ती जताई और टेमला रोड पर कॉर्नर वाली मल्टी में तीन ब्लॉक की मांग की। इस मामले में देर शाम तक कोई निष्कर्ष निकलकर नहीं आया।

निकालेंगे बीच का रास्ता
-आवंटन प्रक्रिया को लेकर कुछ लोग नाराज है। समाधान कर रहे हैं। लॉटरी सिस्टम से मकान बांटे जाएंगे। -विपिन गौर, नपा अध्यक्ष, खरगोन

Published on: