
illegal ganja farming 88 plants 102 kg seized, खेत से गांजे के पौधे जब्त करती पुलिस (Source-Patrika)
Khargone Ganja Farming: मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में एक बार फिर पुलिस ने अवैध रुप से की जा रही गांजे की खेती पकड़ी है। इस बार मामला बलकवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पोखर का है जहां कपास की आड़ में गांजे की खेती की जा रही थी। पुलिस को मुखबिर से खेत में गांजे की खेती की सूचना मिली थी जिसके बाद पुलिस ने खेत से गांजे के 88 हरे पौधे जब्त किए हैं, इनका कुल वजन 102.25 किलोग्राम और अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई गई है। मामले में पुलिस ने खेत मालिक मोहन पिता गुलाबसिंह सिसोदिया (58 वर्ष) निवासी ग्राम पोखर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, खलटाका चौकी पर मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पोखर निवासी मोहन सिसोदिया अपने कपास के खेत में गांजे के पौधे उगा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मौजूदगी में खेत की तलाशी ली। इस दौरान कपास की फसल के बीच अलग-अलग स्थानों पर गांजे के हरे पौधे मिले। पौधों को जड़ सहित उखाड़कर जब्त किया गया। कार्रवाई में खलटका चौकी प्रभारी मिथुन चौहान, प्रधान आरक्षक रामेश्वर पांडे सहित पुलिसकर्मियों की टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस ने जब्त पौधों की पहचान और वजन के लिए उन्हें छह श्रेणियों में अलग किया। इनमें ए श्रेणी के पौधों का वजन 29.750 किलो, बी का 23.400 किलो, सी का 15.650 किलो, डी का 26.550 किलो, ई का 6.900 किलो और एफ श्रेणी के पौधों का वजन 4.150 किलो पाया गया। इस तरह कुल 102.250 किलो गांजा जब्त किया गया। पुलिस ने गांजे के पौधों के साथ नमूने और अन्य आवश्यक साक्ष्य भी एकत्रित किए। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मामले को विवेचना में लिया है।
Updated on:
31 Oct 2026, 3:30 PM IST
Published on:
31 Oct 2026, 2:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.