किशनगढ़

आधी रात घर में घुसा युवक, पति-पत्नी ने उठाया खौफनाक कदम

जीवणराम बदनीयती से उनके घर में प्रवेश करता था। जीवणराम की इन हरकतों की वजह से पुष्पा और भागचंद परेशान थे। गत 29 अगस्त की मध्यरात्रि करीब 2 बजे जब जीवणराम उनके घर में घुसा तो दम्पती ने जीवणराम को पकड़ लिया और मारपीट की।

2 min read
Sep 03, 2022

मदनगंज-किशनगढ़। प्रौढ़ की गला घोंट कर हत्या के बाद आत्महत्या का रूप देने के मामले में किशनगढ़ थाना पुलिस ने शुक्रवार आरोपी दम्पती को गिरफ्तार कर लिया है। सीआई नरपतसिंह ने बताया कि मौजमाबाद के अखेपुरा पुलिस थाना क्षेत्र एवं हाल नायकों का मोहल्ला निवासी जीवणराम कुम्हार की हत्या के आरोप में मूलत: अरांई थाना क्षेत्र के भारला गांव एवं हाल नायकों का मोहल्ला निवासी भागचन्द्र प्रजापत (28) एवं उसकी पत्नी पुष्पादेवी (28) को गिरफ्तार किया गया है। मृतक के बेटे सरवाड़ी गेट नायकों का मोहल्ला निवासी मुकेश कुम्हार (32) ने 29 अगस्त को अपने पिता की हत्या की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।

दम्पती ने पुलिस को बताया कि जीवणराम बदनीयती से उनके घर में प्रवेश करता था। जीवणराम की इन हरकतों की वजह से पुष्पा और भागचंद परेशान थे। गत 29 अगस्त की मध्यरात्रि करीब 2 बजे जब जीवणराम उनके घर में घुसा तो दम्पती ने जीवणराम को पकड़ लिया और मारपीट की। उसके बाद गला घोंटकर जीवणराम की हत्या कर दी। हत्या को आत्महत्या की शक्ल देने की मंशा से शव के गले में फंदा बांध कर अपने ही घर पर कमरे में पंखे के लटका दिया। फिर बाहर से कमरे का दरवाजा बंद कर दिया।

हत्या के बाद बेटे को किया फोन
हत्या के बाद भागचंद ने मुकेश को फोन कर बताया कि उसके पिता ने उनके घर में फांसी लगा ली है। सूचना मिलने पर मुकेश पहुंचा तो वहां पुलिस भी मौजूद मिली। मुकेश ने रिपोर्ट में बताया कि उसके पिता की लाश को फंदे पर लटकते देखा तो रस्सी का एक सिरा गले में बंधा हुआ था और दूसरा सिरा पंखे के कुंदे में डाल कर दुबारा गले में बंधा दिखा। लाश को फंदे से नीचे उतार कर हॉस्पिटल लेकर गए तो डॉक्टरों ने शारीरिक परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया और शव को हॉस्पिटल के चीरघर में रखवा दिया गया।

Published on:
03 Sept 2022 02:40 pm
Also Read
View All