मछलियों को खिला रहे आटे की गोलियां और ब्रेड, गुंदोलाव झील किनारे बेरोक-टोक हो रही बिक्री
मदनगंज-किशनगढ़। गुंदोलाव झील में पनप रही मछलियों को रोज मौत का निवाला दिया जा रहा है। जाने अनजाने यह गलती आप या हम जैसे लोग ही कर रहे हैं। यह गलती मछलियों की जान पर संकट ला सकती है।
झील में हजारों की संख्या में मछलियां हैं। लोगों को रोजाना इन मछलियों को खाने का सामान डालते हुए देखा जा सकता है। आटे की गोलियां और ब्रेड इनको को खिलाई जाती है। यह जानते हुए भी कि यह खाद्य सामग्री इन जलपरियों के लिए जानलेवा है, लोग बेखटके इनको मौत का निवाला दे रहे हैं।
झील के आसपास बिक्री...
मछलियों को अगर कुछ खिलाना हो तो किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है। झील किनारे बाकायदा आटे की गोलियों और ब्रेड की दुकान सजी है। यहां से बीस बीस रुपए में पैकेट खरीद कर लोग मछलियों को खिला रहे हैं।
अजमेर में दम तोड़ चुकी जलपरियां...
पिछले दिनों ही अजमेर की आनासागर झील में कई मछलियों की मौत का मामला सामने आया है। वहां भी लोग मछलियों को यही खाने को डालते हैं।
जानकारी पर मान्यता भारी...
ऐसा नहीं है कि लोगों की पता नहीं कि इन जलीय जीवों के लिए इस तरह की खाद्य वस्तु जानलेवा है फिर भी मछलियों और परिंदों को दाना डाल पुण्य कमाने की मान्यता उनकी जानकारी पर भारी पड़ रही है।
नहीं होती कार्रवाई...
झील किनारे मछलियों के लिए खाद्य वस्तु बेचने वालों को किसी तरह का डर नहीं है। यहां आने वालों का कहना है कि इस मामले को लेकर किसी ने कोई कार्रवाई नहीं की है।