
Kerala News: केरल की श्री शंकराचार्य संस्कृत यूनिवर्सिटी के 16 छात्रों को हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने छात्रों के सस्पेंशन का फैसला रद्द कर दिया है। साथ ही यूनिवर्सिटी की जांच कमेटी की रिपोर्ट और उसके आधार पर की गई कार्रवाई को भी खारिज कर दिया। कोर्ट ने साफ कहा कि छात्रों को कैंपस में लौटने और नियमित कक्षाओं में शामिल होने दिया जाए। हालांकि, यूनिवर्सिटी इस मामले की नए सिरे से निष्पक्ष जांच कर सकेगी।
पूरा मामला 13 अगस्त को यूनिवर्सिटी कैंपस में हुए एक विरोध प्रदर्शन से जुड़ा है। इस दौरान छात्रों और यूनिवर्सिटी की कुलपति सीजा थॉमस के बीच विवाद हो गया था। यूनिवर्सिटी प्रशासन का आरोप था कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कुलपति का प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार किया। उन पर कुलपति के साथ धक्का-मुक्की करने और उनकी गाड़ी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने के आरोप भी लगाए गए थे।
वहीं, छात्रों का कहना था कि वे कैंपस में खराब पड़ी स्टेज लाइट्स के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने प्रतीकात्मक तरीके से विरोध जताया था। घटना के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने 1 सितंबर को 16 छात्रों को जांच पूरी होने तक सस्पेंड कर दिया। इसके साथ ही उनके कैंपस में आने पर भी रोक लगा दी गई थी।
लंबे समय तक कैंपस से बाहर रहने और पढ़ाई प्रभावित होने के बाद छात्रों ने हाईकोर्ट में अपील की। मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस पीवी कुन्हीकृष्णन ने छात्रों के सस्पेंशन और जांच कमेटी की रिपोर्ट से जुड़े फैसले रद्द कर दिए।
कोर्ट ने कहा कि यूनिवर्सिटी नए सिरे से जांच करा सकती है, लेकिन जांच के दौरान छात्रों को दोबारा सस्पेंड नहीं किया जा सकता। अगर जांच में कोई छात्र दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सजा तय करते समय पहले से भुगते गए करीब 84 दिनों के सस्पेंशन को भी ध्यान में रखना होगा।
कोर्ट ने छात्रों की पढ़ाई को ध्यान में रखते हुए यूनिवर्सिटी को छह हफ्ते के भीतर उनकी अलग से परीक्षा कराने का निर्देश भी दिया है। नई जांच चलने के कारण परीक्षा में देरी नहीं की जा सकती। इस फैसले से उन 16 छात्रों को राहत मिली है, जिन्हें विवाद के बाद कैंपस से बाहर कर दिया गया था और जिनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही थी।