कोलकाता

मां ने सोते हुए बच्चे को गंगा नदी में फेका…

- कहते हैं पूत-कपूत हो जाता है पर माता...वह कभी कुमाता नहीं होती। मगर जब मां के आगे सौतेली शब्द का प्रयोग होता है तो शायद मां का ममत्व द्वेष में बदल जाता है। ऐसा हम नहीं कह रहे, ऐसा मुर्शिदाबाद जिले के सूती थाना क्षेत्र के बाहागोलपुर इलाके में घटी घटना से प्रतीत हो रहा है। जहां एक महिला ने अपने सौतेले 9 माह के बेटे को गंगा की तेज धारा में फेककर मौत के घाट उतार दिया।

less than 1 minute read
Apr 29, 2019
मां ने सोते हुए बच्चे को गंगा नदी में फेका...

कोलकाता. मुर्शिदाबाद जिले के सूती थाना क्षेत्र के बाहागोलपुर इलाके में एक महिला पर उसके सौतेले बेटे की हत्या का आरोप लगा है। उसका नाम रीजवाना खातुन है। आरोप है कि शुक्रवार की देर रात उसने चुपके से 9 महीने के उस बच्चे को उसकी मां के पास उठाया और सोई हालत में ही गंगा नदी में फेक दिया। मामले का खुलासा अगले दिन तब हुआ जब बच्चे का शव जंगीपुर सदर गंगा घाट से बरामद किया गया। मिली जानकारी के अनुसार मृत बच्चे के पिता लालाबानो शेख ने दो शादियां की थी। रीजवाना उसकी पहली और असीना खातुन उसकी दूसरी पत्नी है। विवाह के बाद से ही उसकी दोनों पत्नियों के बीच लड़ाई-झगड़े शुरू हो गए थे। दोनों में से कोई किसी को पसंद नहीं करता था। इसी बीच 9 महीने पहले असीना ने एक बेटे के जन्म दिया। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार शनिवार की तडक़े ही बच्चे की मां ने घरवालों को बताया था कि उसका बच्चा गायब है। जिसके बाद से सभी लोग उसकी तलाशी में जुटे हुए थे। अचानक शाम को उन्हें पता चला कि बच्चे का शव गंगा घाट से बरामद किया गया है। उसके बाद जब घरवालों ने संदेह के आधार पर रीजवाना से पूछताछ शुरू की तो वह डर गई और वहां से भागने की कोशिश करने लगी। जिसके बाद ग्राम वासियों और उसके परिजनों ने उसे पकड़ कर सूती थाने की पुलिस के हाथों सौंप दिया है। थाने में पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। हालांकि पुलिस की ओर से अब तक यह जानकारी नहीं दी गई है कि उसने इस गुनाह को कबूला है की नहीं। घटना की जांच जारी है।

Published on:
29 Apr 2019 04:02 pm
Also Read
View All