अधीर ने किया धूलागढ़ का दौरा

पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद अधीर रंजन चौधरी ने रविवार को साम्प्रदायिक हिंसा प्रभावित हावड़ा के धूलागढ़ का दौरा किया

less than 1 minute read
Dec 25, 2016
adhir choudhari at dhulagarh
adhir choudhari at dhulagarh
कोलकाता.
पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद अधीर रंजन चौधरी ने रविवार को साम्प्रदायिक हिंसा प्रभावित हावड़ा के धूलागढ़ का दौरा किया। वे कुछ पीडि़त परिवारों के साथ मिलें और उनकी आपबीती सुनी। उन्होंने स्थानीय धूलागढ़ चौरास्ता स्थित शिव मन्दिर के समक्ष उपस्थित भीड़ को सम्बोधित भी किया। इस अवसर पर चौधरी ने कहा कि वे यहां कोई धार्मिक बात करने नहीं बल्कि हिंसा प्रभावित लोगों से मिलने के उद्देश्य से आए हैं। उनकी पार्टी हमेशा से साम्प्रदायिक सौहार्द की बात करती रही है। चौधरी ने कहा कि आलमपुर से धूलागढ़ जाने के क्रम में कुछ लोगों ने उनके जुलूस को तितर-बितर करने का प्रयास किया। पुलिस की उपस्थिति में लोगों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। उन्होंने इसके पीछे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का हाथ बताया।

राज्य सरकार पर हमला बोला-


प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि घटना के करीब 10 दिन बीतने के बाद भी मुख्यमंत्री इस मुद्दे पर चुप्प हैं। चौधरी ने धूलागढ़ मामले के असल दोषियों की शिनाख्त कर उन्हें कठोर सजा देने की प्रदेश सरकार से मांग की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक पहचान से परे रहकर दोषियों को सजा दी जानी चाहिए। धूलागढ़ काण्ड के बाद लोगों का भरोसा पुलिस प्रशासन से उठ गया है। राज्य प्रशासन को चाहिए कि स्थानीय लोगों में विश्वास बहाल करने के लिए स्थिति पैदा करे।

Published on:
25 Dec 2016 10:22 pm