
कोलकाता
पश्चिम बंगाल में बच्चा चोर के संदेह में चार महिलाओं को निर्वस्त्र कर बेरहमी से मारेपीटे जाने की घटना सामने आई है। घटना जलपाईगुड़ी जिले के धूपगुड़ी इलाके की है। सामूहिक पिटाई में बुरी तरह से घायल महिलाओं को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पहली घटना धूपगुड़ी के देवकीमारी बाजार में घटी। दो महिलाओं को सरेबाजार निर्वस्त्र कर मारापीटा गया। खबर पाकर पुलिस पहुंची। पुलिस ने महिलाओं को उग्र भीड़ से छुड़ा कर अस्पताल पहुंचाया। इस के कुछ ही देर बाद देवकीमारी ग्राम में भी बच्चा चोर के संदेह में दो महिलाओं को एक क्लब में बांध कर मारा-पीटा गया। पुलिस ने दो मामले दर्ज किए हैं। उनकी जांच की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। पुलिस कुछ लोगों को थाने में रोक कर पूछताछ कर रही थी। जख्मी महिलाओं में से तीन धूपगुड़ी इलाके की ही रहने वाली हैं। एक महिला सिलीगुड़ी कोर्ट इलाके की निवासी बताई जा रही है।
----
दो लोगों की मौत के बाद भी नहीं थमी अफवाह
दो लोगों की मौत के बाद भी राज्य में बच्चा चोर गिरोह के सक्रिय होने की अफवाह नहीं थमी। राज्य में पिछले कुछ महीने से बच्चा चोर गिरोह के सक्रिय होने की अफवाह फैली हुई है। इस अफवाह में राज्य के अलग-अलग जगहों पर कई जने की पिटाई की जा चुकी है। सामूहिक पिटाई में दो जने की मौत भी हो चुकी है। मालदह जिले के बुलबुलचंडी ग्राम में बच्चा चोर के संदेह में ग्रामीणों पीट-पीट कर एक निर्दोष को मार डाला था। पूर्व मिदनापुर जिले के माथुरी ग्राम में बच्चा चोर के संदेह में पीट-पीट कर एक एक-एक जने को मार डाला गया था।
---
बच्चा चोर के संदेह में पिटाई की कुछ घटनाएं
.13 जून 2018 - मालदह जिले के हबीबपुर थाना क्षेत्र के बुलबुल चंडी ग्राम में बच्चा चोर के संदेह में एक जने को लोगों ने बेरहमी से पीटा था। अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी।
. 16 जून 2018 - पूर्व मिदनापुर जिले के माथुरी ग्राम में बच्चा चोर के संदेह में पीट-पीट कर एक एक-एक जने को मार डाला गया था।
.07 जुलाई 2018 - बीरभूम जिले के बोलपुर इलाके के रजतपुर गांव में बच्चा चोर के संदेह में एक टैक्सी चालक को बेहरमी से मारा-पीटा गया था।
.17 जुलाई 2018 - जुलाई को जलपाईगुड़ी जिले के धूपगुड़ी थाना क्षेत्र के बारहघड़ी इलाके में बच्चा चोर के संदेह में मंदबुद्धि एक महिला को मारा-पीटा गया था।