कोलकाता

Bengal Murder: बंद फ्लैट में मिली महिला की लाश, मौत के बाद उसके मोबाइल से आए ऐसे मैसेज कि परिवार के उड़े होश

Anjali Sau Murder: पश्चिम बंगाल के बारानगर में 26 वर्षीय अंजलि साउ का शव बंद फ्लैट में मिला। हत्या के बाद गायब मोबाइल से परिवार को धमकी भरे मैसेज मिले। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध युवक की तलाश कर रही है।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 3:21 PM IST
Anjali Sau Murder
पश्चिम बंगाल के बारानगर में बंद फ्लैट से मिला 26 साल की अंजलि साउ का शव। (प्रतीकात्मक तस्वीर- IANS)

Bengal Murder Case: पश्चिम बंगाल में 26 साल की एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। उसका शव एक बंद फ्लैट में मिला। हैरानी की बात यह है कि महिला की मौत के बाद उसके गायब मोबाइल फोन से परिवार के पास ऐसे मैसेज आए, जिन्हें पढ़कर घरवाले डर गए। एक मैसेज में लिखा था, 'मैं तुम्हारे बीच ही हूं, लेकिन तुम मुझे पकड़ नहीं पाओगे।' अब पुलिस महिला की हत्या के साथ-साथ इन मैसेज के पीछे छिपे शख्स का भी पता लगा रही है।

मामला उत्तर 24 परगना जिले के बारानगर इलाके का है। मृतका की पहचान अंजलि साउ के रूप में हुई है। मंगलवार देर रात लेक पल्ली इलाके की पांच मंजिला इमारत के एक फ्लैट में उसका शव मिला। फ्लैट बंद था। परिवार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो अंदर अंजलि मृत मिली।

मोबाइल और गहने भी गायब

पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि अंजलि के कपड़े फटे हुए थे। उसके मोबाइल फोन के अलावा घड़ी, अंगूठी, ब्रेसलेट और कानों के झुमके भी गायब थे। परिवार के एक रिश्तेदार ने बताया कि अंजलि के चेहरे और गर्दन पर चोट के निशान थे। उसकी गर्दन पर सफेद दुपट्टा भी बंधा हुआ था।

अंजलि की बहन और जीजा पिछले चार साल से इस फ्लैट में रह रहे थे। काम के कारण जीजा कुछ समय पहले श्रीरामपुर चले गए थे। सोमवार को वह फ्लैट की चाबी पड़ोसी को देकर गए थे। मंगलवार दोपहर अंजलि पड़ोसी से चाबी लेकर फ्लैट में पहुंची थी। बाद में उसकी बहन ने कई बार फोन किया, लेकिन जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिवार ने पुलिस को खबर दी।

'मैं तुम्हारे बीच ही हूं…'

इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात अंजलि के मोबाइल से आए मैसेज हैं। परिवार के मुताबिक, उसका गायब फोन कुछ देर के लिए चालू हुआ। घरवालों ने उस पर 'Hi' लिखकर मैसेज भेजा तो जवाब मिला, 'अगर कुछ जानना या पूछना है तो जवाब मिल जाएगा।'

इसके कुछ देर बाद दूसरा मैसेज आया, 'मैं तुम्हारे बीच ही हूं, लेकिन तुम मुझे पकड़ नहीं पाओगे।' फिर मोबाइल बंद हो गया। परिवार ने इन मैसेज के स्क्रीनशॉट पुलिस को सौंप दिए हैं।

सीसीटीवी में दिखा जानकार युवक

पुलिस ने इमारत के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो एक युवक की पहचान हुई। बताया जा रहा है कि वह अंजलि को जानता था और दोनों के बीच करीबी संबंध थे। पुलिस को शक है कि रिश्तों में आई खटास हत्या की वजह हो सकती है। युवक के मोबाइल की लोकेशन दूसरे राज्य में मिली है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पुलिस परिवार के सदस्यों और इमारत में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अंजलि की मौत के बाद उसके मोबाइल से मैसेज किसने भेजे और इसके पीछे क्या वजह थी। इस बीच स्थानीय विधायक सजल घोष ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर परिवार को मदद का भरोसा दिया है।

Updated on:
12 Nov 2026, 3:21 PM IST
Published on:
Also Read
View All