
. बीसीसीआई की भ्रष्टाचार निरोधी शाखा ने पत्नी हसीन का बयान रिकार्ड किया
कोलकाता
क्रिकेटर मोहम्मद शमी पर पत्नी हसीन जहां की ओर से लगाए गए मैच फिक्सिंग के आरोप की जांच करने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की चार सदस्यीय टीम शनिवार को कोलकाता पहुंची। बीसीसीआई की भ्रष्टाचार निरोधी शाखा के प्रतिनिधियों ने कोलकाता पुलिस के मुख्यालय ‘लालबाजार ’ में हसीन से लगभग दो घंटे तक बातचीत की एवं बयान रिकार्ड किया। सूत्रों के अनुसार बीसीआई अधिकारियों ने हसीन से उनके आरोप एवं इस संबंध में उनके पास क्या-क्या सबूत हैं, इस बारे में विस्तारपूर्वक पूछताछ की है। हसीन ने शमी के मोबाइल के व्हाट्सएप्प एवं विभिन्न सोशल नेटवर्र्किंग साइट के स्क्रीन शॉट्स बीसीसीआई अधिकारियों को सौंपा।
---
दुबई में ठहरने का दावा
हसीन ने आरोप लगाया है कि दक्षिण अफ्रीका में मैच समाप्ति के बाद गत 17 फरवरी को शमी जोहान्सबर्ग से दुबई गए थे। दुबई के एक होटल में 17 से 19 फरवरी तक ठहरे थे। उन्होंने उसे बताया था कि वे दुबई पाकिस्तान की अलीस्बा नामक लडक़ी से पैसे लेने जा रहे हैं। यूके से मोहम्मद भाई नामक एक व्यक्ति अलिस्बा के हाथों पैसे भेज रहा है। दुबई से जब शमी लौटे थे उनके पास कई सूटकेस थे। सभी लॉक थे। हसीन ने इस मामले की बीसीसीआई से जांच की मांग की थी।
---
हसीन के पिता का बयान रिकार्ड
इधर हसीन की ओर से शमी के ऊपर लगाए गए बेवफाई, घरेलू हिंसा एवं अन्य आरोपों की जांच कर रही कोलकाता पुलिस ने शनिवार को हसीन के पिता एवं हसीन की दो बेटियां (पहले पति से) का बयान रिकार्ड किया। कोलकाता पुलिस के बुलावे पर शनिवार को तीनों बीरभूम के सिउड़ी से कोलकाता आए थे। कोलकाता पुलिस मामले में इन तीनों के बयान को महत्वपूर्ण बता रही है।
---
दुबई के होटल का सीसीटीवी फुटेज मांगेगी पुलिस
हसीन ने आरोप लगाया है कि दुबई के होटल में शमी 17 से 19 फरवरी तक पाकिस्तान की अलीस्बा नामक लडक़ी के साथ एक ही कमरे में ठहरे थे। वहां शमी ने अलीस्बा के साथ शारीरिक संबंध बनाए थे। हसीन के इस आरोप की सत्यता की जांच के लिए कोलकाता पुलिस दुबई के उक्त होटल से सीसीटीवी फुटेज का मांगेगी। इस बावत कोलकाता पुलिस ने अलीपुर कोर्ट में अर्जी दायर की। अदालत ने अर्जी मंजूर कर ली है। उसे दुबई कोर्ट भेजा जाएगा।
-----
कोलकाता पुलिस की टीम यूपी रवाना
हसीन की ओर से शमी के बड़े भाई मोहम्मद हसीम के उपर लगाए गए दुष्कर्म के आरोप की जांच के लिए कोलकाता पुलिस की एक टीम उत्तर प्रदेश (यूपी) रवाना हुई है। लालबाजार सूत्रों के अनुसार उक्त टीम हसीम एवं परिवार के बाकी सदस्यों तथा पड़ोसियों से पूछताछ करेगी।