
कोलकाता
क्रिकेट एसोसिएशन आॉफ बंगाल (सीएबी) ने कोरोना वायरस के खतरे की आशंका से मंगलवार से कार्यालय को पांच दिनों के लिए बंद कर दिया। कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा गया है। सीएबी के सचिव देवव्रत दास ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि सीओवीआईडी -19 महामारी के प्रकोप के खिलाफ एहतियाती उपाय के रूप में एसोसिएशन का कार्यालय मंगलवार से शनिवार तक बंद रहेगा।
हालांकि यह स्पष्ट किया गया है कि प्रबंधकऔर कार्यात्मक प्रमुखों को कर्मचारियों को काम की योग्यता/ प्राथमिकताओं के अनुसार कार्यालय में बुला सकते हैं। दास ने कहा उक्त पांच दिन कर्मचारी घर से काम करेंगे, कर्मचारियों को काम के घंटों के दौरान फोन कॉल, ईमेल और संचार के किसी अन्य माध्यम पर उपलब्ध होना होगा।
उल्लेखनीय है कि बीसीसीआई ने पहले ही मुंबई में अपने मुख्यालय को बंद कर दिया है और कर्मचारियों को घर से काम करने का विकल्प दिया है। साथ ही सभी क्रिकेट मैच पहले से ही निलंबित कर दिया गया है।
बंगाल एसोसिएशन के अध्यक्ष अविषेक डालमिया ने एक बयान में कहा कि सीओवीआईडी -19 एक महामारी है, और डब्ल्यूएचओ की सलाह और निर्देशों के अनुरूप केंद्र सरकार और पश्चिम बंगाल सरकार और सीएबी अपने स्टाफ के सदस्यों की सुरक्षा और भलाई के लिए एहतियाती उपाय कर रहे हैं। सभी को इसका समर्थन करना चाहिए। सभी लोग अपना ध्यान रखें और सुरक्षित रहें।
भारत में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला को स्थगित कर दिया गया है। आईपीएल टी 20 को पहले ही 15 अप्रैल तक निलंबित कर दिया गया है।