कोलकाता

क्रिकेटर शमी पर पत्नी ने लगाए बेवफाई के आरोप

भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी व उनकी पत्नी हसीन जहां के रिश्तों में तल्खी आ गई है। पत्नी ने लगाए बेवफाई के आरोप।
2 min read
• •
Updated: 7 Mar 2018, 11:13 PM IST
kolkata  west bengal

- कहा, कई महिलाओं से हैं संबंध, शमी का दावा, आरोप झूठे
कोलकाता

भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी व उनकी पत्नी हसीन जहां के रिश्तों में तल्खी आ गई है। बुधवार को हसीन जहां अपने वकील के साथ कोलकाता पुलिस मुख्यालय (लालबाजार) पहुंची। वह पुलिस आयुक्त राजीव कुमार से मिलने गई थी। उनके बाहर होने के कारण मुलाकात नहीं हो पाई। मीडिया कर्मियों ने उनसे बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन हसीन ने कन्नी काट ली। इससे पहले मीडिया के सामने उन्होंने दावा किया था कि उनके पति के देश व विदेश में कई महिलाओं से संबंध हैं। विरोध करने पर उन्हें मारापीटा जाता है। वह लम्बे समय से शमी का अत्याचार सह रही है। अब उन्होंने शमी से सारे रिश्ते तोडऩे के लिए अदालत जाने का फैसला किया है। हसीन का दावा है कि शमी और उनके परिवार के सदस्यों ने उसकी हत्या करने का प्रयास किया।

---

शमी के सामने किया प्रताडि़त

उन्होंने कहा कि शमी की मां और भाई उन्हें अक्सर प्रताडि़त करते थे और अपशब्द बोलते थे और यह सब शमी के सामने होता। दक्षिण अफ्रीका दौरा से लौटने के बाद शमी ने उनसे मारपीट की थी। पुलिस सूत्रों से जानकारी मिली है कि हसीन जहां ने इस मामले में केस दर्ज नहीं कराया है।

हसीन जहान ने फेसबुक पर शमी के फेसबुक मैसेजेस और वाट्सऐप चैट के स्क्रीनशॉट को पोस्ट किया है, जिसमें शमी के कई महिलाओं के अवैध संबंधों के बारे में लिखा हुआ हैं।

---

आरोप बेबुनियाद: शमी

मोहम्मद शमी ने ट्वीट कर बताया है कि उन पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। शमी ने ट्विटर पर लिखा है कि ये जितनी भी न्यूज हमारी पर्सनल लाइफ के बारे में चल रही हैं, ये सब सरासर झूठ है। ये कोई बहुत बड़ी साजिश है और ये मुझे बदनाम करने और मेरे गेम खराब करने की कोशिश की जा रही है।

---

भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में बीसीसीआई ने नहीं किया चयन

उधर अगस्त-सितंबर 2018 में भारत-इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले पांच टेस्ट की सीरीज में बीसीसीआई ने शमी का चयन नहीं किया है। इसके पीछे शमी पर उनकी पत्नी द्वारा लगाए गए आरोप को कारण माना जा रहा है।

Published on: