कोलकाता

अम्फान राहतः ममता सरकार ने एक दर्जन से अधिक बीडीओ को दिया नोटिस

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चक्रवाती तूफान अम्फान राहत को लेकर भ्रष्टाचार होने की शिकायतों के मद्देनजर प्रशासनिक और पंचायत स्तर के कुछ अधिकारियों के कामकाज से नाराज हैं।
2 min read
• •
Updated: 21 Jun 2020, 6:14 PM IST
अम्फान राहतः ममता सरकार ने एक दर्जन से अधिक बीडीओ को दिया नोटिस
अम्फान राहतः ममता सरकार ने एक दर्जन से अधिक बीडीओ को दिया नोटिस

कोलकाता.
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चक्रवाती तूफान अम्फान राहत को लेकर भ्रष्टाचार होने की शिकायतों के मद्देनजर प्रशासनिक और पंचायत स्तर के कुछ अधिकारियों के कामकाज से नाराज हैं। उन्होंने राहत वितरण को लेकर राजनीति या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी पहले ही दे चुकी थीं। बावजूद इसके हावड़ा, हुगली, उत्तर व दक्षिण 24 परगना जिले में अम्फान राहत में गड़बड़ी किए जाने के सैकड़ों शिकायत सचिवालय नवान्न तक पहुंची है। इसे देखते हुए राज्य प्रशासन ने इन जिलों के करीब एक दर्जन से अधिक प्रखण्ड विकास अधिकारी (बीडीओ) को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

सूत्रों ने बताया कि राहत में भ्रष्टाचार में शामिल हुगली जिले के गरलगाछा ग्राम पंचायत के प्रधान नरेन्द्र नाथ सिंह उर्फ मनोज सिंह को तो पार्टी ने निलम्बित भी कर दिया है। सिंह के खिलाफ प्रशासनिक जांच जारी है। आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी के अनुसार कारण बताओ नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित बीडीओ के खिलाफ कानूनी तौर पर कठोर कार्रवाई की जा सकती है। उल्लेखनीय है कि अम्फान राहत वितरण का मामला खुद मुख्यमंत्री देख रही हैं।

सचिवालय के सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) को करीब 2000 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। ये सारी शिकायतें सीएम के निजी सूत्रों से प्राप्त हुए हैं। मुख्यमंत्री ने उक्त शिकायतों की गंभीरता से जांच करने को लेकर मुख्य सचिव राजीव सिन्हा को निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि इनमें अधिकांश शिकायतें घर बनाने और किसानों को दिया जाने वाला अनुदान की रकम से जुड़ी हैं। पक्का मकान रहने के बावजूद कई ऐसे परिवारों को घरों की मरम्मत करने के लिए 20,000 रुपए दिए गए। ऐसे परिवारों में पंचायतों से जुड़े नेताओं के रिश्तेदार भी शामिल हैं। कहीं-कहीं एक इलाके में सभी राहत पाए हैं पर पड़ोस के इलाके में लोग इससे वंचित हैं। यही नहीं बिजली कनेक्शन को लेकर भी पक्षपात किए जाने की शिकायत सीएमओ को मिली है।

दूसरी ओर, प्रशांत किशोर की संस्था के पास भी राहत वितरण को लेकर पक्षपात और भ्रष्टाचार की शिकायत पहुंची है। जिसे मुख्यमंत्री के पास भेज दिया गया है।

सूत्रों ने बताया कि 6500 करोड़ रुपए बतौर अनुदान की राशि ऑनलाइन ट्रांस्फर की प्रक्रिया में घोर लापरवाही बरती गई है। कहीं उपभोक्ता के नाम में गलती तो किसी के बैंक खाते का ब्यौरा लिखने में गलती की गई है। नतीजा यह हुआ कि प्रथम चरण में करीब 40 फीसदी पीड़ितों के बैंक खाते में अनुदान की राशि ट्रांस्फर करना संभव नहीं हुआ। बाद में इसमें संशोधन किया गया। राहत या अनुदान की राशि नहीं पाने की शिकायतों की जांच की जा रही है।

बीडीओ और पंचायत जनप्रतिनिधियों को लेकर गठित कमेटी ने ही तूफान प्रभावित लोगों की पहचान कर सूची बनाई थी। जिसके आधार पर वित्त विभाग की ओर से धन मुहैया कराया गया। सीएमओ उपरोक्त शिकायतों के मद्देनजर बीडीओ के साथ साथ जनप्रतिनिधियों पर भी प्रशासनिक गाज गिरा सकता है।

Published on: