पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के कार्यालय पर बुलडोजर चलाने के मामले में कलकत्ता हाईकोर्ट ने बड़ा निर्देश दिया है।
कलकत्ता हाईकोर्ट ने दक्षिण 24 परगना जिले के अमतला स्थित टीएमसी पार्टी कार्यालय को गिराने पर लगी रोक को बढ़ाकर 15 दिसंबर 2026 तक कर दिया है। इससे पहले भी अदालत इस मामले में कई बार अंतरिम रोक लगा चुकी है।
जुलाई में तीन बुलडोजर लेकर पहुंचा था प्रशासन
इस पूरे विवाद की शुरुआत 18 जुलाई 2026 को हुई थी। दक्षिण 24 परगना जिला प्रशासन ने अमतला में स्थित पांच मंजिला इमारत के एक हिस्से को गिराने की कार्रवाई शुरू की थी। यह इमारत अभिषेक बनर्जी के डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र के पार्टी कार्यालय के रूप में इस्तेमाल होती थी।
प्रशासन की कार्रवाई के दौरान मौके पर तीन बुलडोजर लगाए गए थे। पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी में इमारत के सामने बने हिस्से को तोड़ा गया। इस दौरान कार्यालय से बड़ी संख्या में दस्तावेज, कुर्सियां, टेबल और लैपटॉप भी बाहर निकाले गए थे।
प्रशासन की ओर से कार्रवाई के पीछे निर्माण नियमों के उल्लंघन और स्वीकृत बिल्डिंग प्लान नहीं होने की बात कही गई थी। अधिकारियों का कहना था कि जरूरी प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही यह कदम उठाया गया।
हाईकोर्ट ने रविवार को लगाई थी पहली रोक
प्रशासन की कार्रवाई के खिलाफ अभिषेक बनर्जी से जुड़ी कंपनी लीप्स एंड बाउंड्स प्राइवेट लिमिटेड ने कलकत्ता हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। इसी कंपनी के नाम पर विवादित इमारत दर्ज है। कंपनी ने आरोप लगाया था कि उसे अपना पक्ष रखने का पर्याप्त मौका दिए बिना ही तोड़फोड़ शुरू कर दी गई।
19 जुलाई को छुट्टी के दिन हाईकोर्ट में विशेष सुनवाई हुई थी। जस्टिस राजा बसु चौधरी की पीठ ने प्रशासन को आगे की तोड़फोड़ रोकने और इमारत की मौजूदा स्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था।
अदालत ने शुरुआती सुनवाई में यह भी सवाल उठाया था कि क्या इमारत के मालिक को शिकायत और कार्रवाई के आधार की जानकारी देकर अपना पक्ष रखने का उचित मौका दिया गया था?