Hindi News / National News / आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका, सजा माफी रद्द होने पर JDU ने दिया पहला बयान
आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका, सजा माफी रद्द होने पर JDU ने दिया पहला बयान
Anand Mohan Supreme Court Verdict: आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। जी कृष्णैया हत्याकांड में सजा माफी रद्द होने पर जदयू ने पहली प्रतिक्रिया दी।
आनंद मोहन और बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार। (फोटो- ANI)
बिहार के बाहुबली नेता और पूर्व सांसद आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी कृष्णैया की हत्या के मामले में बिहार सरकार की ओर से दी गई सजा माफी को सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कर दिया है।
कोर्ट के इस फैसले के बाद बिहार की राजनीति में भी हलचल शुरू हो गई है। इस बीच, पूर्व सीएम नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने अदालत के फैसले पर अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है।
पत्नी और बेटे जदयू से सांसद-विधायक
जेडीयू ने कहा है कि पार्टी सुप्रीम कोर्ट के फैसले का पूरा सम्मान करती है और उसे स्वीकार करती है। पार्टी ने यह भी कहा कि न्यायपालिका के फैसलों पर उसने कभी सवाल नहीं उठाया है।
बता दें कि आनंद मोहन के बेटे चेतन आनंद जदयू से विधायक हैं। आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद जदयू से ही सांसद हैं। पिछले कई दिनों से आनंद मोहन जदयू के खिलाफ बोलते आ रहे थे। अब कोर्ट के ताजा आदेश के बाद उन्हें जेल जाना होगा।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर JDU ने क्या कहा?
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद जेडीयू के प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने गुरुवार को बयान जारी कर पार्टी का रुख साफ किया। उन्होंने कहा कि भारत की न्यायपालिका का सभी को सम्मान करना चाहिए। जेडीयू ने हमेशा अदालत के फैसलों का सम्मान किया है और कभी उनके खिलाफ टिप्पणी नहीं की है।
राजीव रंजन प्रसाद ने कहा- हम सभी भारत की महान न्यायपालिका का सम्मान करते हैं। पार्टी ने कभी भी अदालत के फैसलों पर टिप्पणी नहीं की है। इस फैसले को पूरे सम्मान के साथ स्वीकार किया जाना चाहिए और हम इसे स्वीकार करते हैं।
कैसे आनंद मोहन को मिली थी रिहाई?
आनंद मोहन को 1994 में तत्कालीन गोपालगंज डीएम जी. कृष्णैया की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। इस मामले में आनंद मोहन की रिहाई अप्रैल 2023 में हुई थी।
उस समय नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली बिहार सरकार ने जेल नियमों में बदलाव किया था। इसके बाद आनंद मोहन को जेल से रिहा कर दिया गया था। इस फैसले को लेकर काफी विवाद हुआ था और मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था।