
कोलकाता। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र अब धीरे-धीरे मजबूत हो रहा है और तट की ओर बढ़ रहा है। इसके असर से पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश और तेज हवा का दौर जारी रहने की संभावना है। अलीपुर मौसम विभाग ने कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तट से लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में शनिवार को निम्न दबाव क्षेत्र बना। इसके साथ समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक एक चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है।
अगले 48 घंटे में निम्न दबाव के और स्पष्ट तथा मजबूत होने और पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में तट की ओर बढ़ने की संभावना है। निम्न दबाव के प्रभाव से समुद्र में भी मौसम खराब है। पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटवर्ती समुद्री क्षेत्र में 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। इसकी गति 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कोलकाता में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, 7 से 11 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है। सोमवार को भी शहर में गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश जारी रह सकती है।
मौसम विभाग ने सोमवार तक मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। मानसूनी अक्ष रेखा भी सक्रिय बनी हुई है। यह पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और झारखंड से होते हुए पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर रही है। पुरुलिया से दक्षिण की ओर मुड़ते हुए यह रेखा बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। मौसम प्रणालियों के इस संयुक्त प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में बारिश बढ़ने की संभावना है।
हावड़ा, हुगली और उत्तर 24 परगना में सोमवार को बारिश का पूर्वानुमान है। रविवार सुबह कोलकाता का न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब एक डिग्री अधिक है। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक था। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में बारिश के कारण तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 7 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में मंगलवार तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके अलावा पुरुलिया, बांकुड़ा, दक्षिण 24 परगना और पश्चिम बर्दवान में भी भारी बारिश की संभावना है। दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में मंगलवार तक हल्की से मध्यम और छिटपुट बारिश हो सकती है। मंगलवार के बाद राज्य में बारिश और तेज हवा की गतिविधि में कमी आने का अनुमान है।
निम्न दबाव का असर उत्तर बंगाल में भी देखने को मिलेगा। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और अलीपुरद्वार में सोमवार और मंगलवार को भारी बारिश की संभावना है। जलपाईगुड़ी में रविवार से मंगलवार तक भारी बारिश हो सकती है। अलीपुरद्वार में बुधवार को भी बारिश जारी रहने का अनुमान है। कूचबिहार में भी आंधी-बारिश की चेतावनी दी गई है। उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा में फिलहाल भारी बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन इन जिलों में छिटपुट बारिश जारी रह सकती है।