कोलकाता

Howrah News: 48 घंटे बाद घर लौटी स्टेट लेवल राइफल शूटर, पिता बोले- बेटी सुरक्षित लौट आई, यही सबसे बड़ी राहत

Damayanti Sen: हावड़ा से दो दिन पहले लापता हुई 15 वर्षीय स्टेट लेवल राइफल शूटर दमयंती सेन सकुशल मिल गई हैं। पुलिस ने उन्हें रामकृष्णपुर घाट से बरामद कर परिवार को सौंप दिया।
2 min read
Jul 18, 2026
damayanti sen
दमयंती सेन। फाइल फोटो- पत्रिका

हावड़ा। हावड़ा थाना क्षेत्र से पिछले दो दिनों से लापता 15 वर्षीय स्टेट लेवल राइफल शूटर दमयंती सेन शनिवार सकुशल वापस मिल गई। पुलिस ने उसे रामकृष्णपुर घाट से बरामद किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शनिवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से परिवार को सौंप दिया गया।

मानसिक तनाव में थी

प्रारंभिक पूछताछ में दमयंती ने पुलिस को बताया कि पढ़ाई और शूटिंग करियर के बीच संतुलन नहीं बना पाने के कारण वह मानसिक तनाव में थी। इसी वजह से वह घर छोड़कर चली गई थी। पुलिस फिलहाल उसके बयान का सत्यापन कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार, दमयंती पिछले दो दिनों तक अकेले विभिन्न स्थानों पर घूमती रही और अंततः शनिवार सुबह अपने जिले लौट आई, जहां से उसे बरामद कर लिया गया।

हावड़ा थाने में दर्ज की गई रिपोर्ट

परिजनों के अनुसार, दमयंती गुरुवार सुबह घर से दूध लेने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। उसका मोबाइल फोन भी घर पर ही मिला। काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर परिवार ने हावड़ा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में वह आखिरी बार हावड़ा स्टेशन पर दिखाई दी थी, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई थी।

पिता ने जताई राहत

दमयंती के पिता ध्रुवज्योति सेन ने बेटी के सकुशल लौटने पर राहत जताते हुए कहा कि पढ़ाई और शूटिंग की प्रैक्टिस के बीच संतुलन बनाने में उसे कठिनाई हो रही होगी। विशेष रूप से पढ़ाई का दबाव उसके मानसिक तनाव का कारण हो सकता है। हावड़ा डिस्ट्रिक्ट पुलिस के डीसीपी (सेंट्रल) तौसिफ अली अजहर ने बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि पढ़ाई को लेकर तनाव के चलते दमयंती घर से निकली थी।

हालांकि पुलिस उसके बयान का सत्यापन कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच जारी है। इससे पहले परिजनों ने बताया था कि दमयंती रात को सामान्य समय पर सोने चली गई थीं। सुबह वह बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गईं और अपना मोबाइल फोन भी घर पर ही छोड़ गईं। परिवार का कहना है कि घर में किसी तरह का झगड़ा नहीं था। ऐसे में उसके अचानक लापता होने से परिवार बेहद चिंतित था।

Updated on:
18 Jul 2026 09:42 pm
Published on:
18 Jul 2026 09:38 pm