अभिषेक बनर्जी ने उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज में भाजपा पर तीखा वार करते हुए लोगों से पार्टी को 440 वोल्ट का झटका देने और सत्ता से बाहर करने का आह्वान किया। शनिवार को चुनावी रैली में आए लोगों से उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अबकी बार, 400 पार का नारा देकर इस चुनाव में 400 से अधिक लोकसभा सीटें जीतने का दावा कर रहे हैं।
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज में भाजपा पर तीखा वार करते हुए लोगों से पार्टी को 440 वोल्ट का झटका देने और सत्ता से बाहर करने का आह्वान किया। शनिवार को चुनावी रैली में आए लोगों से उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अबकी बार, 400 पार का नारा देकर इस चुनाव में 400 से अधिक लोकसभा सीटें जीतने का दावा कर रहे हैं। लेकिन आप लोग भाजपा को 440 वोल्ट का झटका दें कि पार्टी को दिल्ली में महसूस हो और वह इस बार सत्ता में वापस नहीं आए। भाजपा हमेशा विभाजनकारी राजनीति करती है और यह लोगों को इसका करारा जवाब देना होगा। भाजपा को सीख देनी होगी।
अभिषेक बनर्जी ने राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को वोट देने का आग्रह भी किया। उन्होंने दावा किया कि माकपा और कांग्रेस की ओर से तृणमूल कांग्रेस के वोट काटने के कारण 2019 के चुनावों में उत्तर बंगाल के इस निर्वाचन क्षेत्र से हमारी पार्टी भाजपा से हार गई। वे इस लोकसभा क्षेत्र से तृणमूल उम्मीदवार कृष्ण कल्याणी के समर्थन चुनाव प्रचार कर रहे थे, जहां दूसरे चरण में 26 अप्रेल को मतदान होने हैं। अभिषेक ने दावा किया कि 2019 में रायगंज निर्वाचन क्षेत्र से विजयी भाजपा उम्मीदवार देवश्री चौधरी को पिछले पांच वर्षों में क्षेत्र में नहीं देखा गया। वे दो साल केंद्रीय मंत्री रहीं, लेकिन निर्वाचन क्षेत्र के विकास के लिए एक भी पैसा खर्च नहीं किया और अब रायगंज छोडक़र कोलकाता दक्षिण निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव लड़ रही हैं। उन्होंने उत्तर बंगाल की कूचबिहार, जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर जीतने का दावा किया, जहां शुक्रवार को पहले चरण के मतदान हुए थे।
अभिषेक ने कहा कि भाजपा केन्द्रीय एजेंसियों के सहारे तृणमूल कांग्रेस सहित विपक्षी दलों को झुकाने की कोशिश कर रही है। हमारे अनेक नेताओं को गिरफ्तार करवाया जा रहा है। फिर भी तृणमूल भाजपा के सामने नहीं झुकी। सीबीआइ और ईडी ने हमारे परिवार, मेरे मां-बाप यहां तक कि मेरे बच्चों तक को नहीं छोड़ा। फिर भी मैं जरा भी झुका नहीं। मैं बंगाल का रॉयल बंगाल टाइगर बनकर जीऊंगा। रायगंज से तृणमूल उम्मीदवार कृष्ण कल्याणी ने जब भाजपा छोड़ी तब केन्द्रीय एजेंसी ने उनके घर पर छापेमारी की। फिर भी ये झुके नहीं और लड़ाई जारी रखा है। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों में कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। लेकिन बंगाल में उल्टी गंगा बह रही है। यहां भाजपा के विधायक पार्टी छोडक़र तृणमूल में शामिल हो रहे हैं। तृणमूल भाजपा में सेंध मारने में सक्षम है।
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि जब भाजपा एनआरसी को लेकर धमकी दे रही थी, तब सिर्फ ममता दीदी ही आकर खड़ी हुई थी। लेकिन कोई कांग्रेस नेता नहीं आया। भाजपा बंगाल के लोगों को धमकाना बंद करें। बंगाल को उत्तर प्रदेश मत समझे। भूलकर इसे गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश समझने की गलती नहीं करें। भाजपा ने 2021 के विधानसभा में भी यही गलती की थी। आपका सिर्फ एक वोट ही भाजपा को केंद्र से हटाकर नई सरकार बना सकता है। आपका वोट बहुत कीमती है।